अंबाला। छावनी के कैपिटल चौक के पास 11 फरवरी को कार की चपेट में आकर घायल हुए शांति नगर निवासी राकेश कुमार (52) की मौत हो गई। उपचार के दौरान व्यक्ति ने दम तोड़ा। इस हादसे के समय राहगीर ने राकेश को अस्पताल पहुंचाया था। अंबाला कैंट थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस मामले में राहगीर दूध वाले अशोक कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 11 फरवरी की सुबह करीब 6:30 बजे जब वह आर्मी एरिया से दूध बेचकर लौट रहे थे तो कैपिटल चौक पर हादसा हो गया था। चालक ने लापरवाही से चलते हुए कार से साइकिल सवार को टक्कर मार दी थी। हादसे के राकेश कुमार की दोनों टांगों में फ्रेक्चर था व सिर में गंभीर चोटें आईं थी। 20 फरवरी को राकेश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। संवाद
दहेज के लिए प्रताड़ित करने पर प्राथमिकी दर्ज
अंबाला। विवाहिता ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता कुसुम रानी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि अब बार-बार के राजीनामे से तंग आ चुकी है। समझौते के बाद पति दोबारा से झगड़ा करता है। अंबाला सिटी थाना पुलिस ने आरोपी पति शंकर दयाल पर दहेज प्रताड़ना की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पीड़िता कुसुम रानी ने बताया कि उसकी शादी 26 सितंबर 2014 को गांव अमैन निवासी शंकर दयाल के साथ रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति ने दहेज के लिए उसे तंग करना शुरू कर दिया। आरोप है कि पति न केवल उसके साथ मारपीट करता है, बल्कि उसे तलाक देने की धमकी भी देता है। बच्चों की स्कूल फीस व घर का खर्च देने से भी हाथ खड़े कर दिए। संवाद
नकदी चोरी करने के आरोपी को भेजा जेल
अंबाला। सिटी के खन्नावाड़ा में मकान के ताले तोड़कर 15 हजार की नकदी चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने काबू कर लिया। आरोपी अमृतसर के प्रेम नगर मोहल्ला निवासी सन्नी सिंह को शनिवार कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में मकान मालकिन महिला की तहरीर पर 22 मई को अंबाला सिटी थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। आरोप था कि 21 मई को अज्ञात ने उसके मकान में चोरी की है। संवाद