अंबाला सिटी। समाधान शिविर में गुरुवार को पेंशन, राशन और पीपीपी से जुड़ी शिकायतों की भरमार रही। शिविर में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। पंजोखरा के देवराज ने बायोमेट्रिक की दिक्कत बताई, तो दुराला के राजिंद्र ने परिवार पहचान पत्र में आय कम करवाने की गुहार लगाई। वहीं, जलबेड़ा के सतेंद्र पाल सिंह ने वृद्धावस्था पेंशन और सुनीता ने विधवा पेंशन से जुड़ी समस्या रखी।
उपायुक्त ने मौके पर मौजूद विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि इन मामलों में फाइलें लटकाने के बजाय तत्काल समाधान रिपोर्ट पेश करें। जिला सचिवालय के सभागार में आयोजित शिविर की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यहां आने वाली हर शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। शिविर के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शिरकत की और जिला स्तर पर चल रही कार्रवाई का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने प्रार्थियों से किया संवाद
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिविर में पहुंचे लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि जनता को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निपटारा हो। उपायुक्त ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार हर सोमवार और वीरवार सुबह 10 से 12 बजे तक ये शिविर लगाए जा रहे हैं।