मुलाना। सोमवार देर रात सैहला गांव में एक किसान के घर सेंध लगाकर अज्ञात चोरों ने दो लाख रुपये, करीब नौ तोले सोना और 700 ग्राम चांदी चोरी कर ली। चोरी के समय परिवार के सदस्य घर में सोए हुए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार्यवाही शुरू कर दी और केस दर्ज कर लिया।
किसान महिंद्र ने बताया कि उसके दो भाई हैं और सभी एक साथ रहते हैं। सोमवार को सभी सदस्य घर में सो रहे थे। देर रात करीब 12 बजे वह अपनी भैंस को देखने गया व वहीं बाहर आंगन में सो गया। जब सुबह करीब चार बजे उठा तो उसने देखा की घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर दो लाख रुपये नकद, करीब 9 तोले सोना व 700 ग्राम चांदी गायब मिले। है। महिंद्र सिंह ने बताया कि वह जमीन ठेके पर लेकर खेती करता है। चोरी हुए रुपये उसने जमीन का ठेका देने के लिए रखे हुए थे। सूचना पाकर मुलाना पुलिस व सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके का मुआयना किया।