संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। खालसा सृजन दिवस और बैसाखी के उपलक्ष्य में रविवार को कैंट के लालकुर्ती स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से पांच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें फूलों से सजी पालकी साहिब के आगे संगत ने शीश नवाकर गुरु का आशीर्वाद लिया।
नगर कीर्तन के दौरान गतका पार्टियों ने युद्ध कला का प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध किया। हवा में लहराती तलवारें और चक्र के करतब देख युवाओं में उत्साह दिखा। वहीं, विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने बैंड की धुनों और शबद-कीर्तन के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
लोगों ने किया स्वागत :नगर कीर्तन के मार्ग पर स्थानीय निवासियों और सामाजिक संस्थाओं ने भव्य स्वागत द्वार बनाए थे। गर्मी को देखते हुए जगह-जगह ठंडे पानी, मीठे शरबत और फल-प्रसाद के लंगर लगाए गए थे। सेवादारों ने स्वागत करते हुए पूरी श्रद्धा से संगत की सेवा की। नगर कीर्तन के मार्ग पर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
यातायात को सुचारू रखने के लिए कुछ मार्ग परिवर्तित किए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। देर शाम नगर कीर्तन प्रमुख बाजारों से होता हुआ गुरुद्वारा कछतरी सत्संग पहुंचकर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में सगत शामिल हुई।
अंबाला छावनी के बाजारों में निकाले गए नगर कीर्तन की अगुवाई करते पंज प्यारे। संवाद
अंबाला छावनी के बाजारों में निकाले गए नगर कीर्तन की अगुवाई करते पंज प्यारे। संवाद