अंबाला। अंबाला से फरीदाबाद के लिए कैंटर लेकर निकला चालक लाखों रुपये का माल लेकर भाग गया। आरोपी चालक बीच रास्ते में सोहना टोल के पास गाड़ी छोड़कर गया। जीपीएस के जरिये गाड़ी का पता लगा।
ट्रांसपोर्टर गाड़ी को लेकर फरीदाबाद पहुंचने पर सामान उतारने लगा तो उसमें से 13-14 क्विंटल लोहे व मेटल का सामान गायब था। इस माल की कीमत 1.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
बलदेव नगर थाना पुलिस ने ट्रांसपोर्टर जग्गी गार्डन निवासी विकास जांगडा की तहरीर पर चालक ज्यून खान पर धोखाधड़ी की धारा 318 (4) व विश्वासघात की धारा 316 (2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को दी तहरीर में विकास जांगडा ने आरोप लगाया कि उनका धूलकोट में जांगड़ा फ्रेट कैरियर के नाम से ट्रांसपोर्ट है। 14 जनवरी को उन्हें अपने ग्राहक मैसर्स आनंद मेटल का माल बिल नंबर 4786 के तहत फरीदाबाद भेजना था। इसको लेकर फरीदाबाद के रावत ट्रांसपोर्ट के मालिक बच्चू सिंह से संपर्क किया। बच्चू सिंह ने झारखंड के बोकारो निवासी ज्युन खान को गाड़ी लेकर भेजा। जब गाड़ी फरीदाबाद नहीं पहुंची तो शक हुआ। इसको लेकर रावत ट्रांसपोर्ट के मालिक से बात की तो पता चला कि उन्होंने यह गाड़ी अंबाला की फ्रेंड्स टेम्पो सर्विस के जरिए ली थी। चालक का फोन भी बंद जा रहा था। जब गाड़ी की लोकेशन जीपीएस के जरिये ट्रैक की गई तो वह सोहना के बीच टोल के पास खड़ी पाई गई थी। संवाद