प्रदर्शनी का दौरा करते हुए उपायुक्त विक्रम सिंह।
- फोटो : Ambala
अंबाला। बीपीएस प्लेनेटोरियम में खादी और ग्रामोद्योग आयोग एवं खादी सदन द्वारा खादी ग्रामोद्योग उत्सव का आरंभ किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त विक्रम सिंह ने शिरकत की। उन्होंने प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
इस मौके पर उपायुक्त ने खादी और ग्रामोद्योग के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले एवं खादी को बढ़ावा देने वाले प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित करने का काम भी किया। उपायुक्त विक्रम सिंह ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि यहां पर खादी के जो उत्पाद व इससे जुड़े जो स्टाल लगाए गए हैं, उससे लोगों को काफी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने मीडिया के माध्यम से कहा कि जो यहां पर यह प्रदर्शनी 9 दिसंबर तक लगेगी, उस बारे लोगों को जागरूक करें, ताकि खादी के बने उत्पादों के बारे में लोग जान सकें और खादी को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने कहा कि पहले के समय में ग्रामीण क्षेत्र में घर पर ही उत्पादों को बना लिया जाता था जोकि काफी किफायती होते थे। आज हम रेडिमेड की ओर चले गए हैं लेकिन हमें अपने खादी के उत्पादों को भी बढ़ावा देना है क्योंकि खादी से बने उत्पाद की गुणवत्ता काफी अच्छी होती है। उन्होंने कहा कि एसडी विद्या स्कूल में खादी से ही वहां की वर्दी तैयार की जाती है जोकि काफी सराहनीय है और इस कार्य की पहल के लिए उन्होंने स्कूल की प्राचार्य नील इन्द्रजीत कौर संधू की भी सराहना की।