अंबाला। कैंट के एसडी कॉलेज के बाहर एक सिरफिरे युवक ने पहले तो बीए की छात्रा का रास्ता रोककर परेशान करना शुरू कर दिया। बहन ने फोन कर भाई को बुलाया तो युवक ने उसकी भी पिटाई कर दी। ईंट का टुकड़ा उठाकर उसके सिर पर मार दिया।
मारपीट करने के बाद हमलावर युवक मौके से भाग गया। अंबाला कैंट थाना पुलिस ने लड़की के भाई रामपुर गांव निवासी आकाश की तहरीर पर दलीपगढ़ निवासी आदित्य पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घायल आकाश ने बताया कि वह एक फैक्टरी में काम करता है। मासी की लड़की एसडी कॉलेज में बीए की छात्रा है। 29 अगस्त को बहन का फोन आया कि एक लड़का दलीपगढ़ निवासी आदित्य उसे परेशान कर रहा है, जैसे ही वह मौके पर पहुंचा तो देखा की लड़के ने बहन का रास्ता रोका हुआ था। वह उसके पास गया तो युवक ने उसकी पिटाई कर दी और ईंट का टुकड़ा उसके सिर पर मार दिया। उसे कैंट के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। संवाद