अंबाला। छावनी के जीएमएन पीजी कॉलेज में आयोजित 46वें जोनल युवा महोत्सव के दूसरे दिन की शुरुआत हरियाणा के प्रसिद्ध नृत्य रसिया डांस से हुई। रसिया डांस की प्रस्तुतियां देखकर दर्शक डांस के रंग में रंग गए। वहीं, महोत्सव के सांयकालीन सत्र में बतौर मुख्यातिथि मशहूर पंजाबी गायक और सांग राइटर परमजीत सिंह सिद्धू उर्फ पम्मी बाई ने बल्ले-बल्ले मुंडे पटियाला शहर दे... गीत गाकर महफिल लूट ली।
जैसे ही पम्मी बाई मंच पर आए तो सभी दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। पम्मी बाई ने मंच पर अपनी नई एल्बम के बारे में बताया। पम्मी बाई ने मंच पर प्रस्तुति देकर गए सभी प्रतिभागियों को बुलाया और कई गीत भी गाए। उन्होंने जग विच जौण दा स्वाद जिहा आ गया, लोकां दे चेरयां ते हंसदे आं गीत मेरे... गीत भी सुनाए। मंच पर सभी प्रतिभागी और दर्शक ढोल की थाप पर खूब झूमे।
इससे पहले दूसरे दिन का शुभारंभ मुख्यातिथि महर्षि मारकंडेश्वर यूनिवर्सिटी मुलाना के चांसलर तरसेम गर्ग व विशिष्ट अतिथि के तौर पर डीवाईसीए गुरचरण सिंह ने किया। मुख्यातिथि डॉ. तरसेम गर्ग ने युवा महोत्सव के आयोजन के लिए और महाविद्यालय के विकास के लिए 11 लाख रुपये दिए। मुख्यातिथि का कॉलेज प्रांगण में पहुंचने पर जीएमएन कॉलेज प्रंबधक समिति प्रधान डॉ. गुरदेव सिंह, अजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष आलोक गुप्ता व अन्य प्रबंधक कमेटी के सदस्यों के साथ, कॉलेज प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने स्वागत किया।
गिद्दे के माध्यम से विदेश जा रहे युवाओं को दिया संदेश
पंजोखरा साहिब के श्री गुरु हरकृष्ण साहिब खालसा कॉलेज की छात्राओं ने गिद्दे की बेहतरीन प्रस्तुति दी। छात्राओं ने गिद्दे के माध्यम से पंजाबी कल्चर में बरात चढ़ाई दिखाई। साथ ही विदेशों में जा युवाओं को गहरा संदेश दिया। छात्राओं ने गिद्दे के माध्यम से दर्शाया कि आज के युवाओं में विदेशों में जाने की होड़ लगी हुई है। उन्होंने संदेश दिया कि अगर सभी युवा बाहर चले जाएंगे तो पंजाब की विरासत को कौन संभालेगा। उन्होंने आह्वान किया कि अपनी जगीरां ते जमीरां नू संभालो। इस प्रस्तुति को प्रोफेसर प्रवीन कौर, प्रोफेसर मनीषा मान ने तैयार करवाया।
गौरी तोको रंग लगाऊंगा इबके इस फागण मैं...
जीएमएन कॉलेज की टीम फोक डांस जनरल में प्रस्तुति देने आई तो दर्शकों का जमावड़ा लग गया। दर्शक मोबाइल में उनकी प्रस्तुति को कैद करते दिखे। मेरा रंगला पंजाब...की प्रस्तुति की सभी ने सराहना की। इसी तरह एसए जैन कॉलेज ने ऐ गबरू देश पंजाब दे... पर अपनी प्रस्तुति दी। डीएवी कॉलेज शहर और एसडी कॉलेज छावनी ने मराठी लोक नृत्य लावनी पर प्रस्तुति से सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। इसके अलावा रसिया डांस में एसए जैन कॉलेज ने होली खेलण आओ श्याम ब्रिज में रंग गयो रसिया.., एसडी कॉलेज छावनी ने... गौरी तोको रंग लगाऊंगा इबके इस फागण मैं... पर प्रस्तुति दी।
इन कॉलेज की टीम रहे विजेता
क्लासिकल इंस्ट्रूमेंट सोलो : जीएमएन कॉलेज अंबाला छावनी प्रथम, राजकीय कॉलेज सेक्टर-1 पंचकूला द्वितीय, एसए जैन कॉलेज अंबाला सिटी तृतीय।
रसिया हरियाणवी ग्रुप डांस : एसडी कॉलेज अंबाला छावनी प्रथम, डीएवी कॉलेज अंबाला सिटी द्वितीय, एसए जैन काॅलेज अंबाला सिटी तृतीय।
डेक्लामेशन इन संस्कृत : एसडी कॉलेज अंबाला छावनी प्रथम, एमपीएन कॉलेज मुलाना द्वितीय, राजकीय कॉलेज अंबाला छावनी तृतीय।
हरियाणवी हिंदी स्किट : एसडी कॉलेज अंबाला छावनी प्रथम, जीएमएन कॉलेज अंबाला छावनी द्वितीय, राजकीय कॉलेज नारायणगढ़ तृतीय रहा।
ग्रुप साॅन्ग हरियाणवी : एसडी कॉलेज अंबाला छावनी प्रथम, जीएमएन कॉलेज अंबाला छावनी द्वितीय, एमडीएसडी कॉलेज अंबाला सिटी तृतीय।
मिमिक्री : जीएमएन कॉलेज अंबाला छावनी प्रथम, राजकीय कॉलेज नारायणगढ़ द्वितीय, एसए जैन कॉलेज अंबाला सिटी तृतीय।
फोक इंस्ट्रूमेंटल हरियाणवी सोलो : जीएमएन कॉलेज अंबाला छावनी प्रथम, एसडी कॉलेज अंबाला छावनी द्वितीय, एसए जैन कॉलेज अंबाला सिटी तृतीय।
क्ले मॉडलिंग : एसडी कॉलेज अंबाला छावनी प्रथम, जीएमएन कॉलेज अंबाला छावनी द्वितीय, राजकीय कॉलेज सेक्टर-1 पंचकूला तृतीय।
कोलाज : आर्य गर्ल्स कॉलेज अंबाला छावनी प्रथम, राजकीय महिला कॉलेज शहजादपुर द्वितीय, श्री गुरु हरकृष्ण साहिब खालसा कॉलेज पंजोखरा साहिब तृतीय रहा।
मेहंदी : एसए जैन कॉलेज अंबाला सिटी प्रथम, एसडी कॉलेज अंबाला कैंट द्वितीय, डीएवी कॉलेज अंबाला सिटी तृतीय रहा।
कार्टूनिंग : राजकीय कॉलेज अंबाला छावनी प्रथम, राजकीय कॉलेज महिला शहजादपुर द्वितीय, राजकीय कॉलेज सेक्टर-1 पंचकूला तृतीय रहा।
वन एक्ट प्ले : जीएमएन कॉलेज अंबाला छावनी प्रथम, एसडी कॉलेज अंबाला छावनी द्वितीय रहा।