शहजादपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग 344 पर गांव कक्कड़माजरा के नजदीक पुलिस ने सूचना के आधार पर पिकअप गाड़ी में क्रूरतापूर्वक लादकर ले जाए जा रहे 12 पशुओं को गाड़ी सहित कब्जे में लिया। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान सोभान निवासी गांव महेश्वरी कलां थाना चिलकाना जिला सहारनपुर व इस्तखार निवासी सहारनपुर थाना कोतवाली मंडी जिला सहारनपुर यूपी के रूप में हुई।
थाना शहजादपुर के पुलिस दल को गत दिवस सूचना मिली थी कि पिकअप गाड़ी में पशुओं को क्रूरतापूर्वक लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शहजादपुर क्षेत्र नेशनल हाईवे कक्कड़माजरा के पास नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच करते समय पिकअप वाहन को रोक कर उसकी तलाशी ली तो उसमें छह भैंस, एक कटड़ी व पांच कटड़े मिले।