संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा। सिंहपुरा मोहल्ला स्थित गुरुद्वारा श्री दशमेश साहिब में 31वां स्थापना दिवस बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर रखे गए श्री अखंड पाठ साहिब का मंगलवार को भोग डाला गया। पूरे गुरुद्वारा परिसर में गूंज रही गुरबाणी की स्वर लहरियों ने उपस्थित संगत को आध्यात्मिक आनंद और शांति का अनुभव कराया। गुरुद्वारा श्री दशमेश साहिब प्रबंधक कमेटी के प्रधान तरसेम सिंह की देखरेख और मार्गदर्शन में संपन्न इस आयोजन में हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी से धर्म प्रचार कमेटी के चेयरमैन बलजीत सिंह दादूवाल, उपप्रधान गुरवीर सिंह, एनआरआई विंग चेयरमैन राजिंद्र सिंह कोकी, सुखविंदर सिंह, मैंबर स्वर्ण सिंह, गुरतेज सिंह आदि उपस्थित हुए।
भोग के बाद विशाल कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया, इसमें भाई गुरसेवक सिंह रंगीला, भाई सुखविंदर सिंह और अन्य प्रसिद्ध रागी जत्थों ने मधुर शबद-कीर्तन कर संगत को गुरु चरणों से जोड़ा। कीर्तन के दौरान पूरा वातावरण वाहेगुरु के नाम से गूंज उठा। भाई बलजीत सिंह दादूवाल ने अपने विचार प्रकट करते हुए संगत को गुरबाणी से जोड़ने और गुरु साहिब द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं को न केवल आध्यात्मिक शांति प्रदान की, बल्कि उन्हें एकता, भाईचारे और सेवा की राह पर चलने की प्रेरणा भी दी। उल्लेखनीय है कि स्थापना दिवस से एक दिन पूर्व सोमवार को गुरुद्वारा श्री दशमेश साहिब में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित एक विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता और सेवा की अद्वितीय मिसाल पेश की। दीवान के उपरांत गुरुद्वारा साहिब में अटूट लंगर सेवा चली, इसमें संगत ने प्रेमपूर्वक लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर गुरबख्श सिंह, हरजीत सिंह बिट्टू, सुखविंदर सिंह राजू, सुरजीत सिंह सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।