अंबाला। इन दिनों शहर में झपटमारों के हौसले बुलंद हैं। पिछले तीन से बाइक सवार झपटमारों ने आतंक मचा रखा है। एक के बाद एक वारदात को अंजाम देते हैं और फरार हो जाते हैं। बावजूद इसके पुलिस उन्हें पकड़ने में सफल नहीं होती।
शनिवार को जहां अंबाला सिटी और कैंट में झपटमारों ने तीन जगह से पर्स झपट लिए। हजारों की नकदी व मोबाइलों ले उड़े। 25 व 26 अप्रैल के बीच भी एक के बाद एक तीन वारदातों को अंजाम दिया। ऐसे में पीड़ितों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर रोष है। उनका कहना है कि महिलाएं अब गली-मोहल्लों में भी सुरक्षित नहीं हैं।
पहली वारदात
बेटे की दुकान से लौटी महिला के हाथ झपटा पर्स
सिटी के सेक्टर-7 में पैदल जा रही महिला के हाथ से बाइक सवार दो युवक पर्स और मोबाइल लेकर फरार हो गए। सेक्टर-9 सिटी थाना पुलिस में शिकायत देते हुए विजय नगर निवासी शशिबाला ने बताया कि बेटे अंकित की जगाधरी गेट के पास किताबों की दुकान है। 27 अप्रैल शाम को अपनी दुकान से ऑटो रिक्शा में बैठकर घर जा रही थी। जैसे ही ऑटो से उतरकर सेक्टर-7 के गेट नंबर-1 के भीतर पैदल जा रही थी। हाथ में एक सफेद रंग का थैला था। इसमें दो हजार रुपये की नकदी और एक मोबाइल था। तभी दो लड़के पीछे से बाइक पर आए और बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। बाइक को सेक्टर-8 निवासी नितेश और परशुराम नगर निवासी अभिषेक चला रहा था।
दूसरी वारदात
व्यक्ति के हाथ से बहन का पर्स झपटा
छावनी के आलू गोदाम के पास से बाइक सवार दो युवक व्यक्ति के हाथ से उसकी बहन का पर्स झपटकर ले गए। शिकायतकर्ता उमेश कुमार ने बताया कि उसकी बहन अंजलि वधावन पुराना आलू गोदाम अंबाला कैंट में रहती है। शनिवार को किसी काम से अपनी बहन के पास आया था। दोपहर करीब एक बजे गाड़ी उठाने के लिए गैराज के पास जा रहे थे। बहन का पर्स अपने हाथ में पकड़ा था। तभी बाइक पर दो युवक आए और उसके हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में 10 हजार रुपये की नकदी, घर की चाबियां समेत अन्य सामान था। पीछा करने तक बदमाश फरार हो गए।
तीसरी वारदात
महिला का बाइक सवारों ने झपटा पर्स
सिटी के राम नगर में सत्संग सुन लौट रही महिला का बाइक सवार दो युवक पर्स झपट ले गए। पीड़ित महिला कांता गाबा ने बताया कि वह वीर जी की कुटिया गीता नगरी में सत्संग सुनने के लिए जाती है। शनिवार शाम को वह आश्रम की गाड़ी से उतरकर अपने घर आ रही थी। तभी रामनगर में 2 युवक आए और उसके हाथों से पर्स छीनकर फरार हो गए। बदमाशों ने पर्स छीना तो महिला नीचे गिरकर चोटिल हो गई। पर्स में नकदी और मोबाइल था।
ये हुईं वारदातें
- 26 अप्रैल को छावनी के माल रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से पैसे निकालकर लौट रही मिथलेश यादव के गले से बाइक सवार दो बदमाश दिनदहाड़े सोने की चेन झपट ले गए थे। चेन छीनने के बाद चलती एक्टिवा सवार महिला से पर्स छीनने लगे तो महिला नीचे गिरकर चोटिल हो गई थी।
- 26 अप्रैल को सिटी के मानव चौक के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक्टिवा सवार महिला पर झपटा मारकर पर्स और मोबाइल झपट लिया था। इस बीच महिला शालिनी अनियंत्रित होकर एक्टिवा से नीचे गिरकर चोटिल हो गई थी।
- 25 अप्रैल को दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर बाइक सवार तीन बदमाश एक युवक को रोककर उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। कुरुक्षेत्र के जैनपुर गांव निवासी गुरदेव सिंह ने शिकायत दी थी।
वर्जन
झपटमारों को पकड़ने के लिए टीमों का गठन कर दिया है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
जश्नदीप सिंह रंधावा, पुलिस अधीक्षक अंबाला