नारायणगढ़। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारायणगढ़ में पांच दिवसीय बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान शिविर के द्वितीय बैच का शुक्रवार को समापन हुआ। खंड शिक्षा अधिकारी नारायणगढ़ राकेश कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अध्यापकों को कार्यक्रम को पूरी निष्ठा के साथ सफल बनाने हेतु प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में शिक्षकों को बुनियादी शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने प्रशिक्षण में सिखाए जा रहे नए ज्ञान को शिक्षण में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रशिक्षण को सुचारु रूप से सफल बनाने में विद्यालय की प्रधानाचार्य दीपा कौशिक और स्टाफ ने सराहनीय योगदान दिया। खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार ने लगन से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण में मुख्य प्रशिक्षक की भूमिका में संदीप कुमार व पंकज रहे। अंत में खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी अध्यापकों को प्रशिक्षण पूर्ण करने का प्रमाणपत्र दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एबीआरसी पूर्ति मिश्रा, संजय कुमार, भावना व दिव्या ने मुख्य भूमिका निभाई।