अंबाला सिटी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में टीबी मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान ग्राम पंचायत स्तर पर भी चल रहा है। इन गांव में टेस्ट करवाने के साथ ही जागरूकता कार्यक्रम भी करवाए जा रहे हैं।
जिले की बात करें तो अभी करीब 2364 टीबी के मरीज हैं। इन लोगों को भी टीबी मुक्त करने के लिए विभाग नजर रख रहा है, हालांकि विभाग के लिए यह भी चुनौती है कि इन केस पर नजर रखने के साथ ही स्क्रीनिंग में टीबी के केस भी मिल रहे हैं। निदेशालय की ओर से स्वास्थ्य विभाग को टीबी मुक्त पंचायत करने का लक्ष्य दिया गया है। 193 ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त करने के लिए चल रहा कार्य : विभाग को हर वर्ष टीबी मुक्त को लेकर लक्ष्य मिलता है। इस वर्ष भी यह लक्ष्य दिया गया है। जनवरी से दिसंबर तक 193 ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त करने के लिए कार्य किया जा रहा है। इनमें से कितनी ग्राम पंचायत टीबी मुक्त हुई। इस रिपोर्ट जनवरी माह में आएगी। इसी तरह वर्ष 2023 में 43, वर्ष 2024 में 151 ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त किया गया। इस वर्ष 2025 के लिए यह लक्ष्य 193 दिया गया है।