अंबाला। पंचकूला हरियाणा रोडवेज की बस में कंडक्टर द्वारा यात्री को पीटे जाने का मामला सामने आया है। यात्री ने जब अंबाला कैंट के बस स्टैंड में उतरने के बाद कंडक्टर का वीडियो बनाना चाहा तो कंडक्टर ने एक बार फिर पूछताछ केंद्र में यात्री से पिटाई कर दी। इस बीच करीब आधे घंटे तक पूछताछ केंद्र में जमकर हंगामा हुआ।
आखिर में यात्री के दोस्त व परिजन जमा हुए तो लालकुर्ती पुलिस को मौके पर बुलाया। लालकुर्ती चौकी प्रभारी राजिंद्र का कहना है कि कंडक्टर को बुलाकर पूछताछ की गई थी। बस में तरावड़ी के पास मारपीट हुई थी, इसलिए संबंधित थाने में शिकायत भेज दी गई है। यात्री रोबिन का कहना है कि वह अंबाला कैंट के बीसी बाजार का रहने वाला है। 27 दिसंबर को वह पंचकूला डिपो की बस में घरौंडा से नीलोखेड़ी के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में उसे तरावड़ी उतरना था। पहले तो कंडक्टर ने उतारने से साफ इन्कार कर दिया, बोला कि बस नीचे नहीं जाएगी। अंबाला-दिल्ली हाईवे पर ही उतरना होगा। जब विरोध किया तो उसने पिटाई कर दी और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। बाद में अंबाला कैंट की ही टिकट ले ली थी। अंबाला कैंट बस स्टैंड उतरने के बाद कंडक्टर की फोटो खींचने लगा तो उसने पूछताछ केंद्र में जाकर दोबारा से हमला कर दिया। संवाद