अंबाला छावनी के सुभाष पार्क में लगाई जा रही नई फैंसी लाइट्स। संवाद
अंबाला। सुभाष पार्क में नई फैंसी लाइटें लगाई जाएंगी ताकि पार्क का अंधेरा दूर हो और यहां आने वाले लोगों को सुविधा मिले। यह कार्य लगभग सात लाख की लागत से किया जाएगा। नगर परिषद ने कंपनी को निविदा जारी कर दी है और ठेकेदार ने तुरंत प्रभाव से काम भी शुरु कर दिया है। प्राथमिक चरण में पार्क के अंदर 100 नई फैंसी लाइटें लगाई जाएंगी जोकि उन स्थानों पर लगाई जाएंगी, जहां लगी लाइटें या तो टूट चुकी हैं या फिर ये पिछले काफी समय से बंद पड़ी हुई हैं।
कैबिनेट मंत्री ने लगाई थी फटकार
सुभाष पार्क के सुंदरीकरण को लेकर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कई बार औचक निरीक्षण भी कर चुके हैं। पिछले दिनों जब पार्क में सिंथेटिक ट्रैक के कार्य का शुभारंभ किया गया था तो उन्होंने टूटी फैंसी लाइटों को देखकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाई थी कि अगर पार्क में कहीं भी कोई खराब या टूटी हुई लाइट नजर आई तो इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद नगर परिषद ने कंडम हो चुकी फैंसी लाइटों को बदलने का खाका तैयार किया था और निविदा जारी की थी।
साफ-सफाई का ठेका
सुभाष पार्क के रख-रखाव का ठेका 98 लाख में दो साल के लिए दिया गया है ताकि यहां की व्यवस्थाओं को सुधार जा सके। टूटी लाइटों की जगह नई लाइटें लगाने और खराब हो चुके उपकरणों को भी बदलने की प्रक्रिया शुरु की गई है। इसके लिए अतिरिक्त बजट का प्रावधान किया गया है ताकि पार्क में बिजली से जुड़े कार्याें को जल्द दुरुस्त किया जा सके।
सुभाष पार्क में फैंसी लाइटों की व्यवस्था को सुधारने का कार्य किया जा रहा है। ठेकेदार ने काम शुरू करवा दिया है। इसके अलावा पार्क के झूलों को बदलने का कार्य भी जल्द शुरु करवा दिया जाएगा और जो अन्य खामियां हैं, उन्हें भी दुरुस्त करवाया जा रहा है।
- देवेंद्र नरवाल, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद सदर, अंबाला।