अंबाला सिटी। प्रदेश में आ रहे नकल के मामलों के बाद शिक्षा विभाग ने जिले में बनाए परीक्षा केंद्र पर सख्ती बढ़ा दी है। अब इन परीक्षा केंद्र पर 500 मीटर के दायरे में किसी भी व्यक्ति के आने पर रोक लगा दी है। मोबाइल भी प्रतिबंधित किया है।
जिले की बात करें तो अंबाला जिले में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए हैं, जिनमें से 27 केंद्र दसवीं और बारहवीं दोनों कक्षाओं के लिए, 24 केंद्र केवल दसवीं और दो केंद्र केवल बारहवीं कक्षा, तीन केंद्र हरियाणा ओपन स्कूल की परीक्षाओं के लिए और एक परीक्षा केंद्र डीएलएड की परीक्षा के लिए बनाया है।
वहीं, परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह ने शनिवार और हरियाणा के मुख्य सचिव ने रविवार शाम को वीसी ली थी। वीसी के माध्यम से जिन जिलों में नकल के मामले सामने आ रहे हैं, वहां पर नकेल कसने के निर्देश दिए हैं। हरियाणा बोर्ड की 10वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा 19 मार्च तक चलेंगी और बारहवीं कक्षा की परीक्षा 29 मार्च तक करवाई जाएंगी। जिले में परीक्षा के लिए अलग-अलग फ्लाइंग टीम भी निरीक्षण के लिए बनाई हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि जिले में सभी परीक्षा केंद्र पर शांतिपूर्ण व पारदर्शिता तरीके से वार्षिक परीक्षा करवाई जा रही है। परीक्षा केंद्र के 500 मीटर के दायरे में किसी भी व्यक्ति के आने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके लिए डीसी की ओर से भी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सभी केंद्र अधीक्षक को भी गंभीरता से परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं।