अंबाला। चंडीगढ़ पीजीआई में नौकरी लगवाने के नाम पर पानीपत निवासी राकेश व कुरुक्षेत्र निवासी राहुल से दो युवकों से 23 लाख की धोखाधड़ी हो गई। पंजोखरा थाना पुलिस ने पानीपत निवासी सुरेश कुमार की शिकायत पर राज सिंह, सागर मलिक, रोशन सिंह, नीलेश कुमार और हैप्पी पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता सुरेश ने बताया कि उसका पुत्र राकेश नौकरी की तलाश में अपने दोस्त कुरुक्षेत्र निवासी राहुल के साथ साक्षात्कार देने के लिए जाता था। वह फौज में भर्ती के लिए अंबाला साक्षात्कार देने के लिए आया था। बेटे की मुलाकात सागर, नीलेश कुमार से हुई थी। सरकारी नौकरी का झांसा देते हुए कहा कि वह अपनी जान पहचान से उन्हें सरकारी नौकरी लगवा सकते हैं। बेटे ने आकर बताया तो वह खुद और रामदयाल आरोपियों से मिलने के लिए डिफेंस कॉलोनी में गए थे। चंडीगढ़ पीजीआई में कंप्यूटर ऑपरेटर की सीधी भर्ती निकली है। कोरोना के कारण साक्षात्कार नहीं है इसके लिए 15-15 लाख रुपये लगेंगे। इस तरह से 21 अप्रैल 2021 को 12-12 लाख रुपये युवकों को लगाने के लिए आरोपियों को दे दिए थे।
फर्जी पत्र लेकर गए तब लगा पता
पीड़ित का कहना है कि एक युवक भी मिला था, जिसमें कहा कि वह भी आरोपियों की मदद से यहां लगा है। 27 अप्रैल को आरोपियों ने दोबारा बुलाकर पीजीआई चंडीगढ़ के लेटर पैड का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दिया। इस लेटर में सात अप्रैल 2021 को ज्वाइनिंग का जिक्र था। जब दोनों युवक ज्वाइनिंग के लिए अस्पताल पहुंचे तो उन्हें पता लगा कि कोई भर्ती नहीं निकली थी और यह पत्र भी फर्जी है। बाद में आरोपियों ने टालमटोल करते हुए खुद ही जाकर ज्वाइन कराने की बात बोलते हुए टालते रहे थे। इस तरह से आरोपियों ने 23 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है।