शिवपुरी कॉलोनी में देररात कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस के समक्ष रोष जताते हुए लोग
अंबाला। गणपति विसर्जन से पहले छावनी की शिवपुरी कॉलोनी में दो पक्षों के बीच मारपीट ने धार्मिक रंग ले लिया। इस मामले ने इतना तूल पकड़ा कि एक समाज हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी की पुलिस चाैकी पर धरने पर बैठ गया। पुलिस के चार लोगों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद ये उठे।
मंगलवार को मारपीट करने वाले विशेष समुदाय के लोगों पर कार्रवाई की मांग पर शिव सेना हिंद और राष्ट्रीय बजरंग दल के सदस्य एकजुट हो गए। हाउसिंग बोर्ड चौकी में जमा होने के बाद काफी देर कार्रवाई के लिए पुलिस से बहस हुई। कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वे धरने पर बैठ गए। आखिर में पुलिस की तरह से मारपीट करने वालों पर मामला दर्ज करने की कार्रवाई का आश्वासन लेकर लौटे। पुलिस ने इस मामले में चार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
रातभर कार्रवाई की मांग पर अड़े
दरअसल, शिवपुरी कॉलोनी में तेजभान ने गणपति जी स्थापित कर रखे थे। 16 सितंबर को उनका विसर्जन करना था। उससे पहले पूजन और हवन चल रहा था। इसी बीच पड़ोस में रहने वाले लोगों ने पटास बजाने पर बहस शुरू कर दी। आरोप था कि कुछ ही देर में उनके घर पर हमला कर दिया। खीर का प्रसाद बना रहे छोटे बेटे पर रॉड से हमला कर दिया। हवन कर रहे दूसरे बेटे से भी मारपीट की। इस बीच एक पत्थर गणपति बप्पा की मूर्ति पर लगा। इससे ये खंडित हो गई। पंडित को भी चोट आई। आरोप लगाया कि खीर का प्रसाद भी खराब कर दिया था। साथ ही गर्भवती महिला से मारपीट की धमकी दी थी। दोनों पक्षों ने चौकी में मारपीट की शिकायत दी थी। दूसरे पक्ष ने भी खुद से मारपीट के आरोप लगाए थे। काफी समय तक पुलिस की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई न होने पर हिंदू समाज के लोग भड़क गए और एकजुट होकर सोमवार देररात तक रोष जताया था। साथ ही हमलावरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए थे। इस बीच भारी पुलिस बल भी तैनात हो गया था। एक पीसीआर का भी शीश टूट गया था। इलाके में रातभर तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
वर्जन
तेजभान की शिकायत पर चार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। गंभीरता से जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मूर्ति खंडित करने व अन्य गंभीर आरोप लगे हैं लेकिन यह जांच का विषय है।
सुरेंद्र, एसआई, चौकी प्रभारी हाउसिंग बोर्ड
शिवपुरी कॉलोनी में देररात कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस के समक्ष रोष जताते हुए लोग