- 15 फरवरी तक महज 36 आवेदन आने पर गंभीर हुआ विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। खेल नर्सरी योजना में आवेदन बढ़ाने के लिए खेल विभाग गंभीर हो गया है। तिथि बढ़ने यानी 22 फरवरी तक आवेदन करने का मौका मिलने के बाद इन आवेदनों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। विभाग के कोच सहित अन्य अधिकारियों ने अब निजी स्कूलों के साथ सीधा तालमेल बिठाना शुरू कर दिया है। स्कूलों व खेल संस्थानों को जागरूक कर रहे हैं ताकि वह भी खेल नर्सरी लेकर खिलाड़ियों की फौज तैयार कर सके।
खेल विभाग की ओर से खेल नर्सरियों के आवेदन के लिए निर्धारित समय सीमा नजदीक आ रही है लेकिन अब तक का रुझान काफी सुस्त रहा है। 15 फरवरी तक जिले से महज 36 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं। इस कम संख्या को विभाग ने गंभीरता से लिया है। जबकि जिले में निजी स्कूलों और खेल अकादमियों की संख्या काफी अधिक है। ऐसे में इन आवेदनों की संख्या को बढ़ाया जा सकता है।
खेल नर्सरी योजना है फायदेमंद
खेल नर्सरी योजना के तहत चयनित निजी स्कूलों व अकादमियों को सरकार द्वारा खेल उपकरण व कोच के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी। साथ ही इनमें प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों को भी डाइट राशि दी जाती है। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक निजी संस्थान आवेदन करें ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिल सके।
वर्जन
आवेदनों को बढ़ाने के लिए खेल विभाग गंभीर है। निजी स्कूलों व खेल अकादमियों से संपर्क किया जा रहा है ताकि वह भी आगे आकर खेल नर्सरी की योजना का लाभ उठा सके। खेल नर्सरियां के साथ ही खिलाड़ियों की संख्या भी बढ़ेगी। राम स्वरूप, कार्यवाहक जिला खेल अधिकारी अंबाला