अंबाला। जिला मुख्यालय पर वीरवार को समाधान शिविर लगाया गया, जिसमें नगराधीश अभिषेक गर्ग ने समस्याओं को सुना। इस शिविर में जिले भर से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। नगराधीश ने एक-एक कर सभी प्रार्थियों को सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों को मार्क करते हुए समयबद्ध तरीके से उनके समाधान के निर्देश दिए। शिविर में दुखेड़ी के राजकुमार और मोची मंडी के आशा राम ने पेंशन लगवाने, जबकि रौलां की बलविंदर कौर और सपेड़ा की राजबाला, सुरेशो व लाभ सिंह ने राशन कार्ड बनवाने की गुहार लगाई।
सिंघावाला की निर्मल कौर ने परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय ठीक करवाने और शेरगढ़ के वीरेंद्र कुमार ने पीएम आवास योजना के तहत मकान की मांग रखी। मोखा माजरा के प्रेम सिंह ने पंचायती गलियों पर अवैध कब्जे और शहजादपुर के कर्ण सिंह ने हाईवे से खेत तक जाने वाले रास्ते को खुलवाने की शिकायत दी, वहीं ठरवा के दलबीर सिंह ने रिहायशी प्लाट से बिजली का खंबा हटवाने और बब्याल की शेरो देवी ने पारिवारिक विवाद के समाधान की मांग की। नगराधीश ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निपटान में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। इस दौरान बिजली निगम से एसडीओ जोगिंद्र, जन स्वास्थ्य विभाग से एसडीओ हरमिलाप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।