अंबाला। खेलो इंडिया यूथ गेम्स को लेकर अंबाला में होने वाली तैयारियां लगभग पूरी तरह चुकी हैं। पांच से सात जून तक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता के लिए अलग-अलग राज्यों के खिलाड़ी पदक के लिए आपस में भिड़ते नजर आएंगे। ऐसे में अंबाला को खेलो इंडिया के आगाज पर छावनी के लघु सचिवालय, हॉस्टल सहित वार हीरोज स्टेडियम में बने ऑल वेदर स्वीमिंग पूल की सौगात शनिवार को मिलेगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल इन तीनों प्रोजेक्ट के पूरे होने पर शुभारंभ करेंगे।
ऐसे में खेलो इंडिया के लिए मेहनत कर रहे खिलाड़ियों का भी उत्साह बढ़ गया है। बता दें कि यह तीनों प्रोजेक्ट पूरे हो चुके थे, लेकिन मुख्यमंत्री के व्यस्त होने के कारण शुभारंभ के लिए लटके हुए थे। ऑल वेदर स्वीमिंग पूल में ही खेलो इंडिया की तैराकी की प्रतियोगिताएं होनी है। उधर, साईं टीम के डायरेक्टर अश्वनी ने भी स्वीमिंग व जिम्नास्टिक के वेन्यू का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त विक्रम सिंह ने संबंधित अधिकारियों से हर चीज को बारीकी से जाना और फाइनल टच देकर काम पूरा करने की बात कही। उपायुक्त ने सफाई व्यवस्था के दृष्टिगत अन्य सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि छावनी में 41.52 करोड़ रुपये की लागत से लघु सचिवालय का निर्माण हुआ है। तीन मंजिला भवन में सौ कारों की पार्किंग की व्यवस्था है। ग्राउंड फ्लोर पर एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, ई-दिशा केंद्र, ट्रेजरी कार्यालय, कॉंफेंस हाल व डीएसपी कार्यालय चल रहा है। बाकी कार्यालय भी जल्द शिफ्ट हो जाएंगे।
हॉस्टल
वार हीरोज स्टेडियम छावनी के ठीक सामने 12 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से हॉस्टल का निर्माण कार्य किया गया है। ब्वायज स्पोर्ट्स हॉस्टल दो मंजिला है। ग्राउंड फ्लोर पर रेसलिंग, जिम, फिजियोथैरेपी कार्यालय, डॉ. रूम, लाइब्रेरी, डायनिंग कम मल्टीपर्पस हाल, दो लिफ्ट इत्यादि और प्रथम तल पर टेबल टेनिस हॉल, ऑडियो विजुअल रूम, स्टूडेंट रूम, कोच रूम इत्यादि। द्वितीय तल पर टेबल टेनिस हॉल, ऑडियो विजुअल रूम, डोरमेट्री शामिल हैं।
ऑल वेदर स्वीमिंग पूल
वार हीरोज स्टेडियम में ही 31 करोड़ 37 लाख 77 हजार रुपये की लागत से ऑल वेदर स्वीमिंग पुल का निर्माण हुआ है। पहले ही खेलो इंडिया गेम्स हो रहे हैं और सैकड़ों की संख्या में खिलाड़ी इसका लाभ उठा रहे हैं। स्वीमिंग पूल में वार्मअप पुल, वीआईपी स्टेज, फिटनेस हाल, जज रूम, एथलेटिक्स लॉन्ज रूम, कंटीन, बॉक्सिंग हाल, फिल्ट्रेशन प्लांट रूम शामिल हैं।
इवेंट एजेंसी को उपायुक्त ने टेंट का काम पूरा करने के दिए निर्देश
उपायुक्त विक्रम सिंह ने इंवेंट एजेंसी के प्रतिनिधियों से यहां पर टेंट लगाने के साथ-साथ अन्य सभी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। इस दौरान थोम्स ग्रुप से खिलाड़ियों के ठहरने, यातायात बारे व खेलो इंडिया के दृष्टिगत जो भी अन्य कार्य हैं वह सभी पूरे हो गए हैं उसके बारे में भी जाना। उन्होंने संबंधित तीनों एसडीएम व डीएसपी को निर्देश दिए कि जहां पर खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है, वहां समय-समय पर दौरा भी करें। यदि कोई व्यवस्था की जानी है वह समय रहते किया जाए।
सुबह-शाम अभ्यास में जुटे खिलाड़ी
खेलो इंडिया की प्रतियोगिता पांच जून से अंबाला में शुरू होनी है, लेकिन उससे पहले ही दूर दराज से आनी वाली टीम पहुंच रही हैं। रेलवे स्टेशन पर तिलक लगाकर ढोल के साथ स्वागत करने पर उन्हें होटल में छोड़ जा रहा है। यहां आने के बाद खिलाड़ी सुबह व शाम अभ्यास करने में जुटे हुए हैं।