संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। बस स्टैंड के बाहरी गेट की तरफ बुधवार सुबह करीब 6 बजे रोडवेज बस चालक व राहगीर में जमकर थप्पड़ और घूंसे चले। यात्रियों ने बीच बचाव कर दोनों को शांत करवाया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों चले गए। इस बीच करीब 10 मिनट तक हंगामा चला। आखिर में चालक सवारियां लेकर चंडीगढ़ की तरफ चला गया।
हरियाणा रोडवेज बस का चालक स्टैंड से सवारियां लेकर बस स्टैंड से बाहर जा रहा था। तभी अचानक एक राहगीर बस के आगे से गुजरने के लिए रुकने का इशारा करने लगा। इसी बीच दोनों के बीच जमकर बहस हुई। बहस इतनी ज्यादा बढ़ गई कि देखते ही देखते दोनों पक्ष आपा खो बैठे और हाथापाई पर उतर आए।