बराड़ा। हरगोबिंद पुरा कॉलोनी में बंदूक के दम पर लूटपाट के मामले में सीआईए-2 की टीम ने छठे आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान यूपी के झिंझाना निवासी संदीप सिंह उर्फ सोनू के रूप में हुई। आरोपी दो साल के बाद पुलिस की गिरफ्त में आया है।
चार दिन के रिमांड के दौरान आरोपी से टीम ने तीन सोने की अंगूठी व 25 हजार रुपये बरामद किए हैं। रिमांड खत्म होने के बाद सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस इस मामले में छह आरोपियों को काबू कर चुकी है।
आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी, बाइक व सोने के जेवरात, नकदी, मोबाइल आदि बरामद किए जा चुके हैं। इस मामले में हरगोबिंद पुरा कॉलोनी निवासी कमलजीत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ था। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि 16 सितंबर की रात को आरोपियों ने इनोवा गाड़ी में सवार होकर बंदूक के दम पर लूटपाट की थी। इस दौरान बदमाश घर से लाखों रुपये और जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले की जांच सीआईए-2 की टीम को सौंपी थी। संवाद