बीएलओ बोले- लोग दस्तावेज दिखाने को तैयार नहीं, एसआईआर-3 अप्रैल में होगा शुरू
माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2 में मैपिंग का कार्य पूरी तरह से नहीं हो पा रहा है। इसका प्रमुख कारण है कि लोग अपने दस्तावेज दिखाने को तैयार नहीं हैं। रोजाना बीएलओ से ऐसे लोग झगड़ा कर रहे हैं। हालात यह हैं कि बीते जनवरी से मैपिंग का प्रतिशत 65 प्रतिशत के आसपास ही रुका हुआ है। मैपिंग के कार्य को मार्च तक समाप्त करना है। इसके बाद अप्रैल में संभावना है कि निर्वाचन आयोग हरियाणा में एसआईआर-3 को लॉन्च कर देगा। इसके लिए अधिकारियों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। अगर मार्च तक लोगों ने मैपिंग में अपने दस्तावेज नहीं दिखाए तो उन्हें अगला मौका रिवीजन में ही मिलेगा। अन्यथा उनका नाम मतदाता सूची से कट सकता है।
शादीशुदा महिलाएं नहीं मंगा रहीं डाटा
बीएलओ को सबसे अधिक दिक्कत शहरी क्षेत्र में शादीशुदा महिलाओं से आ रही है। महिलाएं अपनी वोटर आईडी से जुड़ी जानकारी ही मायके से नहीं मंगा रही हैं। बीएलओ जाते हैं तो कहती हैं कि मंगा देंगे। बार-बार जाने पर भी जानकारी नहीं मिल पा रही है। निर्वाचन कार्यालय ऐसी महिलाओं से जानकारी के रूप में पोलिंग स्टेशन का नंबर व वोटर लिस्ट में सीरियल नंबर मांग रहा है। इसके अलावा मायके में बना वोटरकार्ड भी मांग रहे हैं। यह भी महिलाएं उपलब्ध नहीं करा पा रही हैं।
टांगरी क्षेत्र के लोग नहीं दे रहे जानकारी
बीएलओ जब डोर टू डोर जा रहे तो लोग सहयोग नहीं कर रहे। टांगरी के समीप के इलाके में सबसे अधिक दिक्कत आ रही है। वर्ष 2002 का वोटर नंबर ही नहीं दे रहे। कोई कह रहा लाकर दूंगा, किसी का जवाब है कि वोट कट जाए तो कट जाए मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है। ऐसे में मैपिंग के प्रतिशत ने निर्वाचन विभाग की कार्यप्रणाली को धीमा कर दिया है।
एसआईआर में मैपिंग की स्थिति
नारायणगढ़- 83.64
मुलाना- 79.99
अंबाला सिटी- 52.84
अंबाला कैंट- 51.31
जिला- 65.88
शहरी क्षेत्र में मैपिंग में काफी परेशानी आ रही है। लोगों से अनुरोध कर रहे हैं कि वह बीएलओ का सहयोग करें।
- गुलशन कुमार, चुनाव तहसीलदार