अंबाला सिटी। सिटी में मानव रंग मंच रामलीला में राम वनवास का संवाद हुआ। इसमें श्री राम को वनवास की बात कहते ही राजा दशरथ का गला भर आता है। वहीं श्रीराम पिता की आज्ञा काे सुनकर बिल्कुल व्यथित नहीं होते हैं। रामलीला मंचन का बुधवार को शुभारंभ समाजसेवी अनुभव अग्रवाल ने किया। इस दौरान प्रधान पीकेश बत्रा, नगर निगम सदस्य यतिन बंसल मौजूद रहे। इस बार भारी भीड़ देखने को मिल रही है। रामलीला का मैदान छोटा पड़ रहा है। काफी लोग जगह न होने के कारण मुख्य मार्ग पर खड़े होकर रामलीला का मंचन देख रहे हैं।
कैकई ने वरदान मांगे तो राजा दशरथ के फूट पड़े आंसू : पुरानी अनाज मंडी में शंकर ड्रामाटिक क्लब द्वारा संचालित रामलीला में बुधवार को भगवान श्रीराम के राजतिलक के मौके पर कैकई-राजा दशरथ संवाद, भगवान श्रीराम को वनवास आदेश आदि बेहतरीन संवाद प्रस्तुत किए गए। कैकई-राजा दशरथ संवाद लोगों को व्याकुल कर गया। इस दौरान कैकई के वरदान मांगने पर राजा दशरथ की आंखों में आंसू फूट पड़े। रामलीला प्रधान सुभाष चन्द्र गोयल ने बताया कि अनुभवी कलाकारों की ओर से अच्छा अभिनय किया जा रहा है।
राहुल शर्मा के अभिनय ने किया जनसमूह को भावुक
प्रेमनगर में सरस्वती ड्रामाटिक कलब द्वारा आयोजित प्रभु श्रीरामलीला के मंचन के दौरान दर्शक उस समय भावुक हो उठे जब भगवान श्रीराम-सीता व लक्ष्मण 14 वर्ष के लिए वनों की ओर जाने लगे। रामलीला में भगवान श्रीराम का अभिनय कर रहे राहुल शर्मा के भावुक करने वाले अभिनय ने उपस्थित जनसमूह को रुला दिया। रामलीला क्लब के निर्देशक राजेश सहगल ने बताया कि भगवान श्रीराम-लक्ष्मण, राजा दशरथ व कैकई का अभिनय करने वाले कलाकार बीते 15 से 20 वर्षों का अनुभव लेकर ही यह अभिनय कर रहे हैं। मंच संचालन मास्टर रामकृष्ण कालिया ने किया।