संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। श्री सबका श्री गणेश मित्र मंडल की ओर से अंबाला कैंट का राजा सबका श्री गणेश की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा कच्चा बाजार पप्पू पतंग वाला चौक से प्रारंभ होकर छावनी के विभिन्न बाजारों से होकर गुजरी। रथ पर विराजमान श्री गणेश की प्रतिमा के आगे ढोल-नगाड़ों और आगरा से आए सुचित बैंड की धार्मिक धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
शोभायात्रा से पूर्व महायज्ञ का आयोजन कर पूर्णाहुति दी गई। इसके बाद भगवान गणेश को मोदक, जलेबी, छोले-भटूरे, पाव भाजी, मिल्क बादाम, कढ़ी-चावल, हलवा, फल, मिठाइयों सहित कई तरह के व्यंजनों का भोग लगाया गया। नगर भ्रमण के दौरान लोगों ने भगवान गणेश को प्रणाम किया और आशीर्वाद मांगा। श्रद्धालुओं ने गणपति बाप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों के साथ गुलाल उड़ाकर और मोदक अर्पित कर बप्पा को विदाई दी।
-
हरिद्वार में होगा विसर्जन
मंडल सदस्यों ने बताया कि रात को भगवान गणेश की प्रतिमा को वाहन से हरिद्वार के लिए ले जाया जाएगा। शुक्रवार को हर की पौड़ी में मां गंगा की गोद में प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इस अवसर पर पंडित अजय नारायण भारद्वाज, कुलभूषण मित्तल, वरूण मित्तल, ओम प्रकाश चौहान, तेज राम सैनी, ओम प्रकाश भाटिया, अंकुल बंसल, प्रमोद बंसल, प्रमोद अग्रवाल, अन्नु यादव, किशन सैनी, ममता सैनी आदि उपस्थित रहे।