डीजे, भव्य झांकियां और आस्था के रंग में रंगे अंबाला के कांवड़िए
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सावन माह की शिवरात्रि के अवसर पर मंगलवार को शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके लिए हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ सहित आसपास के तमाम क्षेत्रों से हरिद्वार और नीलकंठ से पवित्र गंगाजल लेकर लौटे कांवड़िये सोमवार देर रात तक अपने-अपने गृहक्षेत्र के मंदिरों में पहुंच गए हैं।
बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से अंबाला और राष्ट्रीय राजमार्ग शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आ रहा है। सोमवार सुबह से देर रात तक अंबाला-जगाधरी राजमार्ग पर स्थित संत निवास कावड़ शिविर और ग्रेस बैंक्वेट हॉल के पास बनाए गए कावड़ शिविरों में डाक कांवड़ और पैदल कांवड़ लाने वाले भक्तों का सैलाब उमड़ता रहा। शिवभक्तों के स्वागत और विश्राम के लिए जगह-जगह भव्य प्रबंध किए गए थे। दर्जनों कांवड़िये अपने वाहनों पर लगे डीजे की धुन पर नाचते-गाते और झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे।
आकर्षण का केंद्र बनीं झांकियां
कांवड़ यात्रा के दौरान भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें मोर की बग्गी पर विराजमान भोले बाबा, काली माता का दिव्य स्वरूप, जटाधारी शिव, भगवान राम, लक्ष्मण व हनुमान की प्रतिमाओं के साथ शिवलिंग कांवड़ विशेष रूप से ध्यान खींच रही थीं। इसके अलावा भक्ति में लीन भोलेनाथ, काली माता का रौद्र रूप, बाल रूप में शिव शंकर और अघोरी भोले बाबा की झांकी वाली कांवड़ देखने के लिए राहगीरों की भारी भीड़ उमड़ी।
चार लाख रुपये का डीजे तो डेढ़ लाख में तैयार कराए हनुमान
अंबाला सिटी निवासी अरुण ने बताया कि वे 35 सदस्यों के दल के साथ पैदल कांवड़ ला रहे हैं। उनकी कांवड़ में रुड़की का प्रसिद्ध डीजे शामिल है जिस पर करीब चार लाख रुपये का खर्च आया है। वह 18 वर्षों से कांवड़ ला रहे हैं। वहीं वाल्मीकि कॉलोनी के तिलक अपने 18 साथियों के साथ डेढ़ लाख रुपये की लागत से तैयार हनुमान जी की भव्य झांकी वाली कांवड़ लेकर पहुंचे हैं।
मां काली के दिव्य स्वरूप वाला कांवड़
छावनी की दुधला मंडी निवासी राज किरण 11 सदस्यों के साथ मां काली के दिव्य स्वरूप वाली कांवड़ लाए हैं, जिस पर डेढ़ लाख रुपये खर्च हुए हैं। टुंडली निवासी वंश बाइक पर पीछे भोले बाबा की प्रतिमा को विराजमान कर पहुंचे हैं। श्रद्धा की अद्भुत मिसाल पेश करते हुए बोह निवासी वरुण आठ स्टील के मटकों में 101 लीटर, तो सौरव और संजय 10 मटकों में 104 लीटर पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे हैं। सुबह से ही सभी भक्त शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे।
पैदल कांवड़ यात्रा लेकर अंबाला पहुंंचे तोपखाना के कावडिए। संवाद
पैदल कांवड़ यात्रा लेकर अंबाला पहुंंचे तोपखाना के कावडिए। संवाद
पैदल कांवड़ यात्रा लेकर अंबाला पहुंंचे तोपखाना के कावडिए। संवाद
पैदल कांवड़ यात्रा लेकर अंबाला पहुंंचे तोपखाना के कावडिए। संवाद