सावन के दूसरे सोमवार पर अंबाला छावनी के कैलाश मंदिर हाथीखाना में जलाभिषेक करते श्रद्धालु। संवा
सावन के दूसरे सोमवार को कैलाश मंदिर सहित सभी मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सावन माह के दूसरे सोमवार को मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। छावनी के प्रसिद्ध कैलाश मंदिर, हाथी खाना में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालु भोले बाबा के दर्शन कर शिवभक्ति में लीन नजर आए। मंदिर के महंत 108 मनमोहन दास महाराज ने बताया कि मंदिर के कपाट सुबह साढ़े तीन बजे खोल दिए गए थे। इसके उपरांत सुबह चार बजे भोले बाबा की भव्य आरती की गई, जिसके बाद भक्तों ने कतारों में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में स्थापित नंदी महाराज की पूजा-अर्चना कर उनके कान में मन्नत मांगीं। मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए खीर-पूड़ी, टिक्की और फलाहार के भंडारे का आयोजन किया गया। वहीं शिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए पहुंचने वाले कांवड़ियों का आगमन भी सोमवार से शुरू हो गया। कांवड़ियों की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में उनके ठहरने, विश्राम और भोजन-पानी के विशेष प्रबंध किए गए हैं। संध्या काल में संधू एंड पार्टी के प्रसिद्ध भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक संगीतमयी शिव भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर शिव मय हो उठा।
सावन के दूसरे सोमवार पर अंबाला छावनी के कैलाश मंदिर हाथीखाना में जलाभिषेक करते श्रद्धालु। संवा