अंबाला सिटी। राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) के निर्माण कार्य में देरी बढ़ती जा रही है। मिट्टी के बाद अब केंद्र से गंदे पानी को निकालने की समस्या खड़ी हो गई है। पानी की निकासी के इंतजाम के लिए अब स्वास्थ्य विभाग ने नगर परिषद अंबाला छावनी को पत्र लिखा है।
यहां पर पूरे गांव की सीवरेज का पानी आता है। इस कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। विभाग द्वारा पाइप लाइन बिछाकर भी पानी निकासी करने पर भी विचार किया जा रहा है। पानी की निकासी किए बिना भवन का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सकता है। अगर यह समस्या बनी रही तो इस वर्ष तक केंद्र का निर्माण कार्य पूरा होना किसी चुनौती से कम नहीं है।
दो गांवाें में भी बनी समस्या : पानी को अगर नग्गल की तरफ छोड़ा जाता है तो ग्रामीण रोष जताते हैं, इधर अगर खोजकीपुर की तरफ छोड़ने पर भी ग्रामीण फसल खराब होने का हवाला दे रहे हैं। हालांकि पाइप लाइन के लिए यहां पर पाइप भी बिछाए गए हैं, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है। पाइप लाइन डालने के लिए भी ग्रामीण आनाकानी करते नजर आ रहे हैं।