हरियाणा के अंबाला जिले में कोरोना का खतरा फिर बढ़ने लगा है। बुधवार को जिले में राजकीय स्कूल सरसेहड़ी में अध्ययनरत चार छात्रों समेत सात लोग कोरोना संक्रमित मिले। कोरोना संक्रमित मिले तीन बुजुर्गो में से दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले में एक दिन में सात लोग पॉजिटिव मिलने से स्वास्थ्य विभाग की धड़कनें बढ़ गई हैं।
ओमिक्रॉन का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से कुल पॉजिटिव आए सैंपलों में से 25 प्रतिशत सैंपलों को जांच के लिए भेजा जाता है। ताकि अंबाला में ओमिक्रॉन का खतरा ज्यादा न बड़े। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की ओर सैंपलिंग भी बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रतिदिन 2 हजार के करीब लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अपील की जा रही है कि अगर किसी में भी कोरोना का हलका सा भी लक्षण आता है तो वह तुरंत कोरोना की जांच करवाए, ताकि कोरोना के फैलाव को रोका जा सके।
कोरोना के सात नए मामले आने के बाद जिले में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 30163 हो गई है। इसमें से 29 हजार646 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं। जबकि 509 मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है। बुधवार को मिले नए संक्रमितों में 4 मुलाना से, 2 अंबाला कैंट से, 1 अंबाला शहर से शामिल है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण अभियान भी तेजी के साथ चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक 1734 277 कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई गई है। इसमें बुधवार को लगाई गई 6983 डोज भी शामिल है। इसमें 905810 लोगों को पहली तो 828467 लोगों को कोरोना से बचाव की दोनों डोज लग चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की माने तो यह अभियान आगे भी ऐसे ही जारी रहेगा।
बुधवार को सात नए मामले सामने आए हैं। इसमें चार बच्चे भी शामिल हैं। हमने सैंपलिंग को और अधिक तेज कर दिया है। वहीं कोरोना से बचाव के लिए हमारी ओर से पूरी तैयारी है। -कुलदीप सिंह, सीएमओ, अंबाला।