अंबाला छावनी के एसडी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुति देते छात्र। प्रवक्ता
अंबाला। एसडी कॉलेज में एलुमनी एसोसिएशन की ओर से एलुमनी मीट हुई। इसमें 135 पूर्व विद्यार्थियों ने भाग लिया। समारोह में कॉलेज के वरिष्ठ पूर्व विद्यार्थी और अधिकतम छात्रवृति देने वाले मधुसूदन टंडन को सम्मानित किया।
इसके अतिरिक्त एचसीएस अधिकारी राहुल डोगरा को उनकी प्रशासनिक क्षेत्र में नियुक्ति के लिए, खड़गा आर्मी पब्लिक स्कूल की प्राचार्य रूमा विशाल को शिक्षा क्षेत्र में समर्पित सेवाओं के लिए तथा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. राजेंद्र सिंह को उनके विशिष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया।
समारोह से पहले उन दिवंगत साथी सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई जो विगत वर्षों में बिछुड़ गए। समारोह का आरंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. देशबंधु ने अपने प्रेरणास्पद वक्तव्य द्वारा उपस्थित जनसमूह का उत्साहवर्धन किया। सचिव डॉ. विजय शर्मा ने एसोसिएशन की तीन वर्षों की वार्षिक रिपोर्ट और कोषाध्यक्ष डॉ. विनय मल्होत्रा ने विगत तीन वर्षों की वित्तीय रिपोर्ट प्रस्तुत की। चुनाव प्रक्रिया का संचालन पूर्व प्राचार्य डॉ. राजेंद्र सिंह ने रिटर्निंग अधिकारी के रूप में किया और कार्यवाहक प्राचार्या डॉ अलका शर्मा ने पर्यवेक्षक की भूमिका निभाते हुए प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता से सम्पन्न कराया।
नई कार्यकारिणी
आगामी तीन वर्षों के लिए नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की घोषणा की गई। आगामी तीन वर्षों के लिए अध्यक्ष डॉ. देशबंधु, उपाध्यक्ष डॉ. विनय मल्होत्रा, महासचिव डॉ. विजय शर्मा, सचिव डॉ. आरती और कोषाध्यक्ष डॉ. लीना गोयल नियुक्त हुए।