माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नई अनाज मंडी के आढ़ती एवं प्रधान सुरेंद्र त्यागी से व्हाट्सएप पर दो वॉइस नोट भेजकर दो करोड़ की रंगदारी मांगी गई है। बदमाशों ने रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी है। पुर्तगाल के नंबर से आए मैसेज में बदमाश ने हिंदी में कहा कि 24 घंटे में संपर्क नहीं किया तो उन्हें देख लेंगे। बदमाशों ने परिवार और दोस्तों को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी है। भाजपा नेता एवं आढ़ती ने सेक्टर-4 चौकी में शिकायत दी है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में पीड़ित सुरेंद्र त्यागी ने बताया कि 4 जनवरी को शाम छह बजे वे अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर वाॅइस मैसेज आया, जिसमें दो करोड़ रुपये की मांग की गई। इसके बाद 5 जनवरी की दोपहर को भी उसी नंबर से कॉल आई, जिसे उन्होंने रिसीव नहीं किया। कॉल न उठाने पर वाॅइस मैसेज में उन्हें, परिवार और दोस्तों को जान से मारने की धमकी दी गई। उनका कहना है कि इससे पहले भी 14 जून 2025 को एक अन्य विदेशी नंबर से उन्हें धमकी मिल चुकी है। करनाल में 20 माह में फायरिंग व रंगदारी की 17 वारदात में पुलिस ने स्थानीय सभी 33 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। प्रत्येक मामले में जिस गैंगस्टर का नाम सामने आया, उस तक पुलिस नहीं पहुंच पाई। अप्रैल 2024 से अब तक जिले में लॉरेंस बिश्नोई, भानू राणा, काला राणा, बंबीहा, दिलेर कोटिया, गोल्डी बराड़ और कौशल चौधरी के नाम पर वारदात की।