करनाल। फूसगढ़ क्षेत्र में ट्रीटमेंट प्लांट के पास सोमवार रात को छापा मारकर पुलिस ने शराब की कालाबाजारी का बड़ा खेल पकड़ा है।
पुलिस ने यहां से 45 पेटियां शराब और 45 पेटियां शराब की खाली बोतलों से भरी पकड़ी हैं। आरोपी पुलिस टीम की भनक लगते ही छापा से पहले भाग गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी यहां सस्ती शराब को ब्रांडेड बोतलों में भरकर मार्केट में सप्लाई करते थे।
जांच में आरोपी राजू का नाम सामने आया है, लेकिन वो भी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है। गिरफ्तारी के बाद ही पता चलेगा कि यह शराब कहां से आ रही थी और इस पूरे नेटवर्क में काैन-काैन शामिल हैं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आबकारी और धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
सोमवार शाम को सेक्टर-32 थाना पुलिस की टीम गश्त पर थी। इसी दाैरान टीम को सूचना मिली कि फुसगढ़ में ट्रीटमेंट प्लांट के पास खेत में बने घर में कई लोग महंगी ब्रांड की बोतलों में सस्ती शराब भर रहे हैं। इस शराब को मार्केट में महंगे दाम में बेचा जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस ने टीम का गठन किया और माैके पर पहुंचकर दबिश दी। वहां पाया कि भारी मात्रा में शराब की पेटियां और खाली बोतलों से भरी पेटियां रखी हुई थी।