अंबाला। जनता स्वीट्स पर हुए गोलीकांड के बाद पुलिस ने एक सर्राफा कारोबारी की सुरक्षा भी बढ़ाई है। उसकी सुरक्षा में दो जवान तैनात किए गए हैं। बताया जाता है कि जनता स्वीट्स के निकट ही इस सर्राफा कारोबारी ने भी करीब एक माह पहले ही रंगदारी मांगने की शिकायत दी थी।
कारोबारी ने बताया कि कई बार उसके पास विदेशी नंबर से फोन आए थे और लगातार धमकी दे रहे थे। बाकायदा इसकी रिकॉर्डिंग भी पुलिस को दी गई थी। रविवार देररात को हुए गोलीकांड के बाद ही उनकी सुरक्षा में भी दो कमांडो तैनात कर दिए गए हैं।
धमकाने की नीयत से चलाई गोलियां ः वारदात ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बाइक सवार ने अगर गोली मारनी थी तो वारदात के समय दुकान में कोई ग्राहक नहीं था और आरोपियों पर भी इतना समय था कि वो सीधा दुकान में घुस सकता था।
बावजूद वह अंबाला-जगाधरी हाईवे पर ही खड़े होकर दुकान की तरफ गोलियां चला रहा है। इससे यह प्रतीत होता है कि यह गोलियां मारने की नहीं बल्कि धमकाने की नीयत से चलाई गई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी तरह से रंगदारी या सोशल मीडिया पर किसी की ओर से गोली चलाने की वारदात कबूलने की पुष्टि नहीं की है।