अंबाला छावनी के पीडब्लयूडी विश्रामगृह में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते कैबिनेट मंत्री अनिल
अंबाला। यदि मुझे अंबाला में कोई जनसभा करनी है तो मुझे प्रशासन से इजाजत लेनी पड़ती है। ऐसे ही, किसान बताएं कि क्या इन्होंने दिल्ली से इजाजत ले ली है, अगर ये जा रहे हैं। उक्त जानकारी सोमवार को पत्रकारों की ओर से पूछे गए सवाल कि किसान छह तारीख को दिल्ली जाने की बात कर रहे हैं, इस पर प्रतिक्रिया देते हुए हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने दी। वहीं उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक हालत ने लगातार सुधार किया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमारी अर्थव्यवस्था बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है। राहुल गांधी किस स्कूल के पढ़े हुए हैं और कौन इनको आंकड़े बताता है, वो मुझे मालूम नहीं है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा राज्य में हो रहे अपराध के संबंध में लगाए गए आरोप के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार दिन-रात काम कर रही है। एक अन्य प्रश्न के जवाब में विज बोले ये सामान्य बात है कि जब हुड्डा नेता प्रतिपक्ष नहीं रहे हैं, तो कोठी खाली कर रहे हैं। प्रियंका गांधी की ओर से बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में विज बोले ये देश को पीछे लेकर जाना चाहते हैं। इसी प्रकार एक अन्य प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि हिमाचल की सुक्खू सरकार पुरानी फिल्मों की राजेन्द्र नाथ है और ये रोजाना कोई न कोई बहाना करते हैं। हरियाणा सरकार द्वारा लिए गए नए हेलिकाप्टर के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब विज ने एक फिल्म का उदाहरण देते हुए कहा कि एक फिल्म में कादरखान एक्टर थे, उसमें कादरखान भी हुड्डा जैसे ही था और उसने अपने पीए को दो प्रेस नोट लिखवाए थे।