अंबाला। युवा खेलकूद विभाग हरियाणा की ओर से खेलकूद प्रशिक्षण और योग्यता मेरिट के आधार पर दर्शाते हुए जाली प्रमाणपत्र बनवाने के मामले में महेश नगर पुलिस ने दूसरे आरोपी को काबू किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया। आरोपी की पहचान राजेश कुमार निवासी एकता कॉलोनी रोहतक के रूप में हुई है। पुलिस इससे पहले एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता हरियाणा प्रांत ताइक्वांडो के महासचिव जसबीर सिंह गिल ने पांच अक्तूबर 2021 को थाना महेशनगर में शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी देवव्रत, हार्दिक, सतीश व अन्य ने मिलकर 11 अगस्त 2013 को युवा खेलकूद विभाग हरियाणा की ओर से खेलकूद प्रशिक्षण व योग्यता मेरिट दर्शाते हुए जाली प्रमाणपत्र बनवाकर धोखाधड़ी की है।
बता दें कि शिकायतकर्ता जसबीर सिंह ने राष्ट्रीय स्तर के खेलों में फर्जी प्रमाण पत्र का मामला उजागर किया था। शिकायतकर्ता का आरोप था कि खेल एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव सहित एसोसिएशन के प्रधान का पुत्र और अन्य ने राष्ट्रीय स्तर की खेल चैंपियनशिप के प्रमाणपत्रों का फर्जीवाड़ा किया है। रोहतक वासी इन खिलाड़ियों पर आरोप है कि इन्होंने फर्जी प्रमाणपत्र रोहतक के जिला खेल विभाग में अपग्रेडेशन करवाए हैं।
दरअसल, खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह के पास दो अगस्त 2021 को यह मामला पहुंचा था। स्वयं खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह ने जांच में पाया था कि हरियाणा में कुछ खिलाड़ी खेल में उपलब्धियों के फर्जी प्रमाणपत्र हासिल कर खेल कोटे का लाभ उठा रहे हैं।