अंबाला। साइबर अपराधी संदिग्ध लिंक का फायदा उठाकर नागरिकों के बैंक खातों से रुपये निकालने के लिए कई तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। साइबर ठगी से बचने के लिए सोशल साइट पर डाले गए किसी भी असत्यापित खाते में रकम जमा न कराएं। किसी भी खाते में रकम जमा कराने से पहले पूरी जांच कर लें और इसके लिए अधिकारिक लिंक का ही प्रयोग करें। यह जानकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से पुलिस विभाग ने नागरिकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों को दी। प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक जश्नदीप सिंह रंधावा के निर्देशानुसार साइबर ठगी से बचने और जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
कोविड-19 के मद्देनजर पुलिस ने साइबर अपराधों के विरुद्घ जागरूक करने के लिए वीसी को माध्यम बनाया है। अभियान के दौरान शहजादपुर ब्लॉक के लगभग 50 से अधिक प्राथमिक, माध्यमिक, और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के लगभग 240 से अधिक अध्यापकों को विशेष जानकारी दी। यह जानकारी साइबर टीम के उपनिरीक्षक विरेंद्र, उपनिरीक्षक बलवंत सिंह, मुख्य सिपाही फकीर चंद व बबित कौशल साइबर विशेषज्ञ ने दी। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ज्योति सभ्रवाल और एबीआरसी टीम के सदस्यों ने प्रशिक्षण का संचालन किया।
पुलिस की साइबर टीम ने ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए जानकारी देते हुए बताया कि सोशल साइट पर किसी भी अंजान व्यक्ति से दोस्ती न करें, फोन पर किसी से बैंक खाते से संबंधित जानकारी साझा न करें, सोशल मीडिया या ई-मेल पर आए किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से वे साइबर धोखाधड़ी के शिकार हो सकते हैं। साइबर ठगी के अन्य तरीकों में फर्जी ऑनलाइन शॉपिंग साइट बनाकर ज्यादा डिस्काउंट पर सामान बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करना, लोगों को कॉल करके सस्ते दामों पर सामान उपलब्ध करवाना और होम डिलीवरी के नाम पर ओटीपी मांगकर धोखाधड़ी करना आदि शामिल हैं।
हेल्पलाइन नंबर पर करें शिकायत
टीम ने बताया कि फेसबुक, ओएलएक्स, पेटीएम, डेबिट और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से साइबर अपराध घटित हो रहे हैं। इसका मुख्य कारण पूर्ण जागरूकता के अभाव में जाने-अनजाने में निजी जानकारी साझा करना है। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि अपना पासवर्ड मजबूत बनाएं और समय-समय पर उसको बदलते रहें, ताकि कोई उसका दुरुपयोग न कर सके। इसके अतिरिक्त फोन पर किसी भी प्रकार की जानकारी किसी अजनबी को न दें। साइबर क्राइम से प्रभावित कोई भी व्यक्ति हेल्पलाइन नंबर 155260 पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है।