अंबाला। गर्मी के मौसम में छावनी की जनता बेहाल नहीं होगी। इसको लेकर बिजली निगम ने तैयारी कर ली है। कैंट के सभी 31 वार्ड में नए ट्रांसफार्मर और तारें लगाने सहित जंपर बदलने का कार्य पूरा कर लिया गया है। छावनी क्षेत्र में 50 से अधिक छोटे-बड़े ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। वहीं पिछली गर्मी के दिनों में जहां-जहां अधिक दिक्कत हुई थी, वहां भी विशेष रूप से दोगुने लोड के ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। गर्मी के दौरान फील्ड में रहने वाले कर्मचारियों की संख्या में भी बढ़ोतरी को लेकर कार्रवाई की जा रही है ताकि रात के समय फाल्ट दूर करने वाले कर्मचारियों की संख्या अधिक हो।
गोबिंद नगर में 100 केवीए की जगह नया 200 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है ताकि बार-बार लगने वाले बिजली कट से छुटकारा मिल सके। यह कार्य क्वालिटी उपमंडल के एसडीओ आशीष चोपड़ा के मार्गदर्शन में किया गया है। उन्होंने बताया कि गोबिंद नगर में लोड के हिसाब से ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इस दौरान जेई रामधावी व कृपाल सिंह सहित कर्मचारी गुरप्रीत सिंह व तरसेम कुमार मौजूद रहे।
बाजार की बिजली रहेगी दुरुस्त
सदर बाजार सहित अन्य प्रमुख बाजारों व रिहायशी क्षेत्रों से संबंधित जो भी फीडर हैं, वहां भी 10 नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। यहां तारों व जंपर को बदला गया है ताकि गर्मी के दौरान बिजली की दिक्कत न हो। इसी प्रकार इंडस्ट्रियल एरिया और उपमंडल नंबर 1 में भी नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इनमें से कुछ का लोड भी बढ़ाया गया है।