अंबाला सिटी। डीएवी महाविद्यालय के भूगोल विभाग ने राज्य स्तर पर भूगोल प्रदर्शनी और पोस्ट प्रस्तुति प्रतियोगिता करवाई। प्रतियोगिता में विभिन्न कॉलेजों से 11 टीमों ने विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए और 15 टीमों ने अपने पोस्टर भी प्रदर्शित किए।
प्रतिभागियों ने प्राकृतिक संसाधन, पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक आपदाओं और उनके प्रबंधन, सतत पोषणीय विकास, प्रदूषण के प्रकार और उनके निवारण, हवाई फोटोग्राफी और रिमोट सेंसिंग के अतिरिक्त भौतिक भूगोल और मानव भूगोल से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने मॉडल और पोस्टर प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के संयोजक उपप्राचार्य और भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर आरएस परमार रहे, जबकि डॉक्टर नरेंद्र कुमार सह संयोजक और मनीष कुमार आयोजन सचिव रहे। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर एसपी कौशिक उपस्थित हुए। प्रतियोगिता को दो श्रेणियां में विभाजित किया गया। पहली श्रेणी में भूगोल के मॉडल और दूसरी श्रेणी में पोस्टर प्रस्तुति शामिल रहे।
भूगोल के मॉडल श्रेणी में राज्य स्तर की प्रतियोगिता में पहला स्थान राजकीय महाविद्यालय बरवाला के सचिन और राज तिवारी ने प्राप्त किया। दूसरा स्थान राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबाला कैंट के लविता और अंकित, तृतीय स्थान कुमारी विद्यावती आनंद डीएवी कन्या महाविद्यालय करनाल की अवनी और जानवी ने प्राप्त किया।
मॉडल श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतकर्ता का पुरस्कार डीएवी महाविद्यालय अंबाला शहर के अतिशय को प्रदान किया गया। सांत्वना पुरस्कार राजकीय महाविद्यालय नारायणगढ़ के गौरव और छवि को और दूसरा सांत्वना पुरस्कार सरकारी स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय सेक्टर-1, पंचकूला के रणदीप और आशीष को दिया गया। पोस्टर प्रस्तुति श्रेणी में राज्य स्तर का पहला पहला पुरस्कार डीएवी महाविद्यालय अंबाला शहर की सरिता, दूसरा पुरस्कार कुमारी विद्यावती आनंद डीएवी कन्या महाविद्यालय करनाल की टीना और तृतीय पुरस्कार राजकीय महाविद्यालय बरवाला के महफूज को दिया गया।