स्ट्रांग रूम के बाहर सुरक्षाकर्मी पहरा देते हुए। विभाग
- फोटो : kathua news
अंबाला सिटी। जिले में निकाय चुनाव के बाद संबंधित तीनों जगहों के स्ट्रांग रूम में ईवीएम को पुख्ता प्रबंधों के साथ सील करने का काम किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी और डीसी अजय सिंह तोमर ने बताया कि तीनों जगह पर ईवीएम को थ्री लेयर सुरक्षा में रखा है।
पहली लेयर में आईआरबी पुलिस, दूसरी में एचएपी और तीसरी लेयर में जिला पुलिस की तैनाती है। उन्होंने यह भी बताया कि स्ट्रांग रूम के अंदर सीसीटीवी से पैनी नजर भी रखी जा रही है। इसके साथ-साथ तीनों जगहों पर स्ट्रांग रूम के पास पुलिस के जवान पुरी मुस्तैदी के साथ दिन-रात रोस्टर के मुताबिक अपनी डयूटी भी दे रहे हैं।
यहां बता दें कि मेयर पद के उप चुनाव के उपरांत ओपीएस विद्या मंदिर सेक्टर 9 स्कूल में बने स्ट्राॅन्ग रूम में, नगर परिषद अंबाला छावनी के तहत अध्यक्ष और पार्षद पद के चुनाव के उपरांत एसडी कालेज अंबाला छावनी में बने स्ट्राॅन्ग रूम में और बराड़ा नगरपालिका के तहत चेयरमैन और पार्षद पदों के चुनाव के उपरांत डीएवी स्कूल बराड़ा में बने स्ट्रांग रूम में ईवीएम को सुरक्षा के साथ रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि 12 मार्च को सुबह 8 बजे से मतगणना करवाई जाएगी।