अंबाला शहर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार शुक्रवार को शहीदों के सम्मान व राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में सभी थाना प्रबंधकों ने विभिन्न स्थानों पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें हरियाणा शस्त्र बल पुलिस की द्वितीय वाहिनी से पुलिस बैंड के जवानों, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, आम नागरिकों व स्कूली बच्चों ने भाग लिया। पुलिस बैंड के जवानों ने कदम-कदम बढ़ाए जा..., सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तां हमारा... व ये देश है वीर जवानों का... आदि से देशभक्ति की धुन बजाकर शहीद हुए जवानों को सम्मान दिया। साथ ही जवानों को देश भक्ति, कर्तव्य निष्ठा, उनके बलिदान व राष्ट्रीय एकता के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अर्चना छिब्बर, सुंदर ढिंगरा, पूर्व मेयर रमेश मल, विश्व हिंदू परिषद के सदस्य समीर गुप्ता, राकेश खन्ना व आम नागरिकों ने कहा कि जिन पुलिस जवानों ने बलिदान दिया है, उनके प्रति हम संवेदना प्रकट करते हैं। ऐसे वीर जवानों का बलिदान हम सबके लिए प्रेरणादायक है। वहीं, अंबाला के पुलिस जवानों की टीम पुलिस के शहीद जवानों को नमन करने के लिए नेशनल पुलिस मेमोरियल नई दिल्ली भेजी गई। पुलिस टीम ने नेशनल पुलिस मेमोरियल नई दिल्ली में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके अलावा बलदेव नगर थाने में लोगों को साइबर क्राइम के बारे में जागरूक किया।