अंबाला सिटी। शहर के प्रतिष्ठित एसए जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल का प्रबंधन संभाल रही स्कूल प्रबंध समिति की मनमानी और गंभीर वित्तीय व प्रशासनिक अनियमितताओं पर पैरेंट बॉडी श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ (श्री संघ) ने कड़ा कदम उठाया है।
सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के तहत स्कूल मैनेजिंग कमेटी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। स्कूल के दैनिक कार्य प्रणाली को सुचारू रूप से चलाने के लिए 6 सदस्यीय एडहॉक कमेटी का गठन कर दिया गया है। इसके साथ ही संस्था ने 18 अक्टूबर को नए चुनाव कराने की तिथियां भी घोषित कर दी हैं।
वहीं दूसरी तरफ प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हितेश जैन ने इस आदेश को मानने से इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि श्री संघ ने न तो आधिकारिक रूप से कोई बैठक की और न ही कभी अपने कार्यों का हिसाब दिया। ऐसे में जल्द ही उनकी इस कार्रवाई का अाधिकारिक रूप से जवाब दिया जाएगा।