कर्मचारियों ने माइक के जरिए अनिल विज को खुद ज्ञापन लेने के लिए कहा और इसके लिए आधे घंटे का अल्टीमेटम दिया। जब मंत्री बाहर नहीं आए, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया।
विभिन्न मांगों को लेकर सांझा मोर्चे के नेतृत्व में शनिवार को हरियाणा के अलग-अलग जिलों से आए रोडवेज कर्मचारियों ने अंबाला में परिवहन मंत्री अनिल विज के आवास का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान जब अधिकारियों ने कर्मचारियों से ज्ञापन लेने का प्रयास किया, तो कर्मचारियों ने साफ इनकार कर दिया और मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विज्ञापन
कर्मचारियों ने माइक के जरिए अनिल विज को खुद ज्ञापन लेने के लिए कहा और इसके लिए आधे घंटे का अल्टीमेटम दिया। जब मंत्री बाहर नहीं आए, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। एक तरफ पुलिस प्रशासन और दूसरी तरफ आक्रोशित रोडवेज कर्मचारी आमने-सामने आ गए। बेरिकेड्स तोड़ने को लेकर दोनों पक्षों के बीच जबरदस्त जद्दोजहद हुई।
गुस्साए कर्मचारियों ने पहली बेरिकेडिंग तोड़ दी और दूसरी बेरिकेडिंग हटाने का प्रयास करने लगे। यहां भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी जोर-आजमाइश हुई। हालांकि, बाद में पुलिस अधिकारियों की समझाइश पर कर्मचारी शांत हुए और पीछे हटे। माहौल को देखते हुए आखिरकार परिवहन मंत्री अनिल विज खुद बाहर आए। उन्होंने रोडवेज कर्मचारियों की बातें सुनीं और उनसे ज्ञापन लिया। मंत्री ने कर्मचारियों को आश्वासन देते हुए अगले महीने बैठक करने और सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा का समय दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।