- हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन ने प्रदर्शन करने की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। जगाधरी में काउंटर पर बस लगाने पर विवाद हो गया। यह विवाद अंबाला डिपो की इलेक्ट्रिक बस के परिचालक और निजी बस आप्रेटर के बीच हुआ। इस दौरान आप्रेटरों ने ने रोडवेज परिचालक के साथ हाथपाई करते हुए बस का रास्ता रोका। वहीं दूसरी घटना में छावनी बस अड्डे पर इलेक्ट्रिक बस की खिड़की टूट गई और इसका आरोप निजी बस के चालक पर लगा है। अब दोनों मामलों की शिकायत पुलिस और महाप्रबंधक को सौंपी गई है, वहीं हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन के नेताओं ने निजी बस आप्रेटरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जगाधरी में मारपीट, रास्ता रोका
अंबाला डिपो में कार्यरत इलेक्ट्रिक बस परिचालक सुनील ने बताया कि तीन दिन पहले जब वह बस लेकर यमुनानगर गए थे, तब जगाधरी बस स्टैंड के पास जेवीएम वर्कशॉप के गेट पर सवारियां चढ़ाने पर विवाद हो गया, जैसे ही इलेक्ट्रिक बस काउंटर पर लगी, एक निजी बस चालक ने अपनी गाड़ी बीच में अड़ा दी। जब उन्होंने इस घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो निजी बस के कर्मचारी भड़क गए। उन्होंने सुनील को धमकाया और सरेआम थप्पड़ जड़ दिए। निजी बस के कर्मचारियों ने करीब 25 मिनट तक इलेक्ट्रिक बस का रास्ता रोके रखा, इससे अंबाला की सवारियां परेशान होती रहीं। आरटीओ अधिकारी और संस्थान प्रबंधक के हस्तक्षेप के बाद ही बस को वहां से निकलने दिया गया। परिचालक ने इस संबंध में जगाधरी पुलिस और रोडवेज महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा को लिखित शिकायत दी है।
काउंटर टाइम पर विवाद
एक अन्य मामले में परिचालक जसबीर सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह जब उनकी इलेक्ट्रिक बस अंबाला छावनी बस अड्डे पहुंची तो उनके निर्धारित काउंटर टाइम पर एक निजी बस खड़ी थी। विरोध करने पर निजी बस चालक ने अपनी बस को इलेक्ट्रिक बस से सटाकर खड़ा कर दिया, इससे सरकारी बस की खिड़की क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना की शिकायत भी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
यूनियन की चेतावनी, कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे प्रदर्शन
हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन संबद्ध सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान रमेश श्योकंद ने इन घटनाओं पर कड़ा रोष जताया है। उन्होंने कहा कि निजी बस चालक अक्सर रोडवेज, इलेक्ट्रिक और किलोमीटर स्कीम की बसों के स्टाफ के साथ अभद्रता करते हैं। सोमवार को महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा से मिलकर अब तक हुई कार्रवाई के बारे में बातचीत की जाएगी। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और डीजीपी से भी मुलाकात की जाएगी। यदि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो अंबाला वर्कशॉप में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
अंबाला छावनी बस अड्डे पर खड़ी इलेक्ट्रिक बस से सटा कर खड़ी निजी बस। प्रवक्ता- फोटो : 1