अंबाला सिटी। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने वीरवार को कार्यालय में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि जिले में अवैध अतिक्रमण मिला तो कार्रवाई होगी। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में पैनी नजर रखें।
कहीं भी अवैध गतिविधि दिखने पर तुरंत नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) रोहित चौहान ने बताया कि पिछले एक माह में नौ स्थानों पर अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई का शेड्यूल बनाया गया था।
जिनमें से आठ जगह पर जेसीबी से कार्रवाई की गई है। एक कार्रवाई वीरवार को ही अमल में लाई गई। विभाग ने अब तक आठ अवैध कॉलोनियों सहित कुल नौ शो-कॉज नोटिस जारी किए हैं और 10 एफआईआर भी दर्ज कराई गई हैं। डीसी ने एनएचएआई और स्टेट हाईवे पर हुए अतिक्रमण को हटाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों को पनपने से रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। संवाद