बराड़ा। अंबाला-शामली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शाहाबाद-बराड़ा स्टेट हाईवे के अधोया जंक्शन पर कट देने की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने जा रही है। एनएचएआई से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद कट का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे बराड़ा शहर समेत आसपास के करीब 30 गांवों को फायदा मिलेगा और पूरे क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
एनएचएआई के एसडीओ विक्रम सिंह ने बताया कि अधोया मार्ग पर हाईवे कट को मंजूरी मिल चुकी है और निर्माण कार्य प्रगति पर है। विभाग ने फरवरी 2027 तक इसका काम पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। निर्माण पूरा होने के बाद अंबाला, चंडीगढ़, शाहाबाद, शामली और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। कट बनने से यात्रा के समय में बचत के साथ ईंधन का खर्च घटेगा और हादसों की आशंका भी कम होगी।
-
सीएम को सौंपा था मांगपत्र
अधोया जंक्शन पर कट की मांग के लिए वर्ष 2025 में स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने पहल शुरू की थी। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को मांगपत्र सौंपा था। 28 अगस्त 2025 को मुख्यमंत्री कार्यालय से मामला लोक निर्माण विभाग को भेजा गया। इसके बाद विभागीय और तकनीकी स्तर पर जरूरी औपचारिकताएं पूरी की गईं। भाजपा बराड़ा मंडल अध्यक्ष डिंपल राणा ने बताया कि सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं।