संवाद न्यूज एजेंसी,
अंबाला। गांधी मार्केट के लगभग 11 दुकानदार अब पक्के तौर पर अपनी दुकानों के मालिक बन जाएंगे। नप ने दुकानों की रजिस्ट्री करवाने की पूरी तैयारी कर ली है और इस संबंध में पहले ही जानकारी तहसीलदार को भी दे दी गई है ताकि दुकानदारों को मौके पर बुलाकर आगामी कार्रवाई पूरी की जा सके। ये जानकारी नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि पूरी उम्मीद है कि शुक्रवार को दुकानों की रजिस्ट्री करवा दिए जाए। पिछले दिनों हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज द्वारा गांधी मार्केट के दुकानदारों को डिमांड पत्र दिए गए थे। इसमें उन्हें दुकानों का निर्धारित किया गया पैसा जमा करवाने के निर्देश दिए थे। इसमें से 12 दुकानदारों ने पैसा जमा करवा दिया है और अन्य दो बैंक से लोन की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। जिन दुकानदारों ने पैसा जमा करवाया है, उससे लगभग 80 लाख रुपये का राजस्व नगर परिषद को प्राप्त हुआ है। वहीं इनमें से 11 दुकानदार ऐसे हैं, जिनके सभी दस्तावेज पूरे हैं। एक में कुछ खामी है तो उसकी रजिस्ट्री अभी रोक दी गई है।
अगले चरण की प्रक्रिया जल्द होगी शुरु
स्वामित्व योजना के तहत अगले चरण की तैयारी भी नगर परिषद ने कर ली है। 50 दुकानों का लेखा-जोखा नगर परिषद ने तैयार कर लिया है और इसकी अप्रूवल के लिए फाइल नप प्रशासक के पास भेजी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही इन दुकानों को लेकर भी नप जल्द ही कार्रवाई शुरू कर देगा। गांधी मार्केट की दुकानों का कार्य पूरा होन के बाद अगला नंबर इंदिरा पार्क के साथ बनी दोपहिया वाहन बाजार का आएगा और फिर यहां के दुकानदाराें को डिमांड पत्र दिए जाएंगे। प्राप्त जानकारी अनुसार यहां की दुकानों का निर्धारित मूल्य चार से पांच लाख रुपये के बीच होगा।