बादलों ने मंगलवार को झमाझम 16.7 एमएम बरसात कर लोगों को गर्मी से राहत दिलाने का काम किया। लेकिन दोपहर बाद को आई धूप ने एक बार फिर उमस और गर्मी बढ़ा दी। हालांकि बरसात के चलते दिन का अधिकतम तापमान 27.8 और न्यूनतम 21.8 डिग्री दर्ज किया गया। झमाझम आई बारिश ने सुबह के समय लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी। जहां सुबह के समय एकाएक आई तेज बारिश ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया। वहीं बारिश के कारण जगह जगह जमा पानी ने लोगों को राह में ही रोक कर रखा। बारिश के कारण शहर के जगाधरी गेट, बलदेव नगर व अन्य मुख्य रास्तों में जमा पानी ने लोगों की राह मुश्किल कर दी। जिस कारण लोगों को अपने काम पर जाने के लिए परेशानी झेलनी पड़ी। साथ ही बारिश के सड़क पर आये नालियों के गंदे पानी ने निगम द्वारा किए जा रहे सफाई व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी। बारिश के बाद कहीं जगह तो पूरा दिन पानी ही नहीं उतरा और जहां से पानी उतरा वहां कीचड़ और बदबू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया।
एसडीएम कार्यालय के बाहर रहा जलभराव
जलभराव की स्थिति जहां शहर भर में थी, वहीं एसडीएम कार्यालय के बाहर भी जलभराव का यही दृश्य दिखाई दिया। जहां जमा पानी के बीच से लोगों को गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
छावनी में भी यही हालात
मंगलवार सुबह शुरू हुई बारिश दोपहर तक जारी रही। रुक रुककर हुई बारिश के कारण लोगों ने गर्मी से राहत पाई, लेकिन निचले इलाकों में हुए जलभराव के कारण वाहन चालकों व नौकरी-पेशा लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण छावनी के निचले इलाकों में एक बार फिर जलभराव की समस्या खड़ी हो गई। सुभाष कॉलोनी, गोबिंद नगर, राम नगर, मील के पीछे कुछ हिस्से व दयालबाग क्षेत्रों में सड़कों पर पानी जमा हो गया। दोपहिया चालकों के वाहन बीच सड़क पर बंद हो गए, जिन्हें दुरुस्त कराने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिन बारिश के आसार हैं।