नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले बसपा नेता राजेश चनालिया व उसकी मां कमलेश समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के लिए पुलिस ने आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों पर करीब एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पंजाब के गांव खेलण के रहने वाले सुनील कुमार ने 9 जनवरी 2020 को पुलिस को शिकायत देकर बसपा की टिकट पर कैंट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके राजेश चनालिया उसकी मां कमलेश, पंजाब के अंटाला गांव के भाग सिंह, रामपाल, पिता सुरेश कुमार पर सेना में भर्ती करवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए थे। सुनील ने बताया था कि आरोपियों ने मोटी रकम लेने के बाद उसे फर्जी नियुक्ति व पहचान पत्र भी उपलब्ध करवाया था। लेकिन पोल खुलने के बाद आरोपियों ने उसके पैसे भी वापिस करने से मना कर दिया। सुनील की शिकायत पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ साजिशन धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था।
तीन दिन पहले भी दर्ज हुआ था ठगी का केस
तीन दिन पहले ही सहारनपुर की रेखा ने राजेश चनालिया, मां कमलेश, पिता सुरेश कुमार, भाई सुरेंद्र कुमार व पत्नी ममता पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। रेखा ने बताया था कि आरोपियों ने उसे भी एमईएस में चपरासी की नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये ठगे हैं। पैसे लेने के बाद उसे भी फर्जी नियुक्ति व पहचान पत्र दिया गया। बाद में उससे दोनों दस्तावेज वापस ले लिए थे। आरोपी एमईएस ऑफिस के बाहर ही रजिस्टर में रेखा की हाजिरी लगाते रहे। उसे एक बार वेतन के तौर पर 22500 रुपये भी दिए थे।
ये लोग भी हो चुके हैं ठगी का शिकार
सहारनपुर के दिनेश कुमार व उसके रिश्तेदार दुष्यंत से 8 लाख रुपये, गाजीपुर के राहुल सैनी से 8 लाख, मौली जागरां गांव के जसपाल सिंह व उसके पौते परविन्द्र सिंह गुरकीरत सिंह वासी पटियाला, हरजीत सिंह निवासी मोहाली, सलिन्द्र सिंह वासी पटियाला से भी ड्राईवर व क्लर्क लगवाने की एवज में कुल 22 लाख रुपये हड़प चुके हैं। इसी तरह जगाधरी के सरजंट सिंह से उसके बेटे गगनदीप सिंह व भतीजे गुरविन्द्र सिंह से 18 लाख रुपये ठग लिए । यमुनानगर के ही गांव सबलपुर के बलजीत सिंह से व प्रेम पाल के बेटों अनिल कुमार व सचिन कुमार को भी सरकारी नौकरी दिलवाने की एवज में 14 लाख रुपये की ठगी की थी।