- शिकायतों का होगा समाधान, तीन श्रेणियों में दर्ज की जाएंगी यात्रियों की समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। रेलवे के निर्देशानुसार 22 अक्तूबर को देशभर के 7 हजार से अधिक रेलवे स्टेशनों पर रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। यह एक दिवसीय विशेष कार्यक्रम है। उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने भी इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों और यात्रियों की सहभागिता बढ़ाना है। अंबाला मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर सुबह से ही रेल जन संवाद कार्यक्रम होंगे। इसके तुरंत बाद व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान रेलवे अधिकारी सीधे यात्रियों और आम नागरिकों से मिलेंगे। वे रेल सेवाओं, यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई, स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़े सुझाव, प्रतिक्रिया और शिकायतें प्राप्त करेंगे। सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह कमान संभालेंगे। अंबाला कैंट, चंडीगढ़, पटियाला, बठिंडा, सरहिंद, कालका, धुरी और यमुनानगर-जगधरी स्टेशनों पर भी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
सुझावों और शिकायतों का निपटारा
जनता से मिलने वाले सुझावों और शिकायतों को व्यवस्थित रूप से दर्ज कर त्वरित कार्रवाई के लिए तीन श्रेणियों में बांटा गया है। अल्पकालिक समस्याओं को तुरंत या कम समय में हल किया जाएगा। मध्यमकालिक मामलों पर संबंधित विभागों द्वारा योजना बनाकर काम होगा। दीर्घकालिक मामलों में नीतिगत बदलाव या उच्च स्तर की अनुमति की आवश्यकता होगी। मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने अधिकारियों को कार्यक्रम सफल बनाने और रिपोर्ट तस्वीरें तथा वीडियो के साथ डिजिटल माध्यमों व मंडल व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा करने के निर्देश दिए हैं।